सूने मकान में ताला तोड़कर चोरी करने वाला मुख्य आरोपी एवं चोरी का माल खपाने वाले 3 खरीददार गिरफ्तार, मशरूका बरामद
बिलासपुर:थाना सकरी पुलिस ने त्वरित कार्यवाही करते हुए सत्यानगर अमेरी स्थित एक सूने मकान में हुई नकबजनी की घटना का सफल खुलासा किया है। पुलिस ने चोरी करने वाले मुख्य आरोपी सहित चोरी का सामान खरीदने वाले तीन अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

घटना का विवरण:
प्रार्थी अक्षय कुमार टाण्डे (निवासी सत्यानगर अमेरी, पदस्थ- भृत्य, शिक्षा विभाग मुंगेली) ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह 29.08.2026 से 16.09.2026 के मध्य जब अपने तिफरा स्थित मकान में था, तब अज्ञात चोरों ने अमेरी स्थित मकान की छत के रास्ते घुसकर कमरे व अलमारी का ताला तोड़ दिया। चोर वहां से ₹12,000/- नगद, चांदी व कांसे के बर्तन, कंप्यूटर सेट और 1.5 टन वोल्टास एसी (कुल कीमती लगभग ₹42,000/-) चोरी कर ले गए थे।
पुलिस कार्यवाही एवं गिरफ्तारी:
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में सकरी पुलिस द्वारा तत्काल टीम गठित की गई। मुखबिर की सूचना के आधार पर संदेही अविनाश खांडे (24 वर्ष, अमेरी) को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसने चोरी करना और सामान अन्य लोगों को बेचना स्वीकार किया।
आरोपी की निशानदेही पर चोरी का माल खरीदने वाले सौरभ बंजारे (26 वर्ष, मस्तूरी), दीपेश गुप्ता (35 वर्ष, बिलासपुर) एवं रितेशधर शर्मा (सरकंडा) को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी का सामान बरामद कर लिया गया है।
सराहनीय भूमिका: थाना प्रभारी निरी. उमेश साहू, प्र.आ. रवि लहरे, आर. मनोज बघेल, रुपेश कौशिक, सुनील सूर्यवंशी, पवन बंजारे।



