12 वर्षीय नाबालिग का अपहरण कर दुष्कर्म करने वाला आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने पीड़िता को सकुशल किया बरामद
बिलासपुर पुलिस द्वारा महिला एवं बाल अपराधों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना चकरभाठा पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए 12 वर्ष 04 माह की नाबालिग बच्ची के अपहरण व दुष्कर्म मामले के आरोपी को त्वरित गिरफ्तार कर लिया है।
प्रार्थी ने 15 जुलाई 2026 को थाना चकरभाठा में शिकायत दर्ज कराई कि उनकी नाबालिग पुत्री को कोई अज्ञात व्यक्ति बहला-फुसलाकर भगा ले गया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में त्वरित कार्रवाई शुरू की। विशेष टीम गठित कर साइबर एवं मुखबिर की मदद से आरोपी की पतासाजी की गई और सटीक सूचना पर दबिश देकर नाबालिग को आरोपी के कब्जे से सकुशल बरामद किया गया।

गिरफ्तार आरोपी: राकेश जांगड़े, पिता- बहादुर जांगड़े, उम्र- 22 वर्ष, निवासी- डीगोरा चरोटी, थाना- पथरिया, जिला- मुंगेली (छ.ग.)।
पीड़िता से पूछताछ एवं महिला पुलिस अधिकारी के समक्ष दिए गए बयानों में आरोपी द्वारा बहला-फुसलाकर अपहरण करने तथा दुष्कर्म करने की पुष्टि हुई। इसके पश्चात पुलिस ने आरोपी को कस्टडी में लेकर कड़ाई से पूछताछ की, जिस पर उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।
आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 137(2), 64(2)(m) तथा पॉक्सो एक्ट (POCSO Act) की धारा 4 व 6 के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में प्रस्तुत किया जा रहा है।
जन अपील: चकरभाठा पुलिस आम जनता से अपील करती है कि किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि या अपराध की सूचना तत्काल डायल 112 अथवा नजदीकी पुलिस थाने में देकर सहयोग करें।



