मुख्यमंत्री दर्शन योजना से वरिष्ठ नागरिकों के तीर्थ दर्शन का सपना हुआ साकार शिरडी, शनि शिंगणापुर और त्र्यंबकेश्वर के लिए चार दिवसीय यात्रा पर रवाना हुआ 410 दर्शनार्थियों का जत्था
उत्तर बस्तर कांकेर, 29 सितंबर 2026/ सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत मुख्यमंत्री दर्शन योजना के तहत जिले के 410 वरिष्ठ नागरिकों को चार दिवसीय धार्मिक यात्रा के लिए रवाना किया गया। दर्शनार्थियों का जत्था शिरडी, शनि शिंगणापुर एवं त्र्यंबकेश्वर के दर्शन के लिए रवाना हुआ। नगरपालिका परिषद कांकेर के अध्यक्ष श्री अरूण कौशिक एवं श्री रामचरण कोर्राम ने हरी झंडी दिखाकर बसों को रवाना किया। इस अवसर पर समाज कल्याण विभाग एवं जनपद पंचायत कांकेर के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
धार्मिक यात्रा पर रवाना होने को लेकर वरिष्ठ नागरिकों में विशेष उत्साह देखने को मिला। दर्शनार्थियों ने खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि प्रमुख धार्मिक स्थलों के दर्शन की उनकी लंबे समय से इच्छा थी, जो मुख्यमंत्री दर्शन योजना के माध्यम से पूरी हो रही है। उन्होंने इस यात्रा के लिए शासन-प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया। वरिष्ठ नागरिकों ने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के प्रति भी आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री दर्शन योजना के माध्यम से उन्हें धार्मिक एवं आध्यात्मिक स्थलों के दर्शन का अवसर मिल रहा है। यह यात्रा उनके लिए यादगार अनुभव रहेगी।




