ब्युरो रिपोट दिनेश आहुजा
कोरबा जिले में अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई; खनिज उड़नदस्ता दल ने जब्त किए कई वाहन
कोरबा। कलेक्टर के निर्देशन में जिला खनिज विभाग द्वारा जिले में अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगाने के लिए एक विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत गठित खनिज उड़नदस्ता दल ने जिले के विभिन्न संदिग्ध क्षेत्रों में आकस्मिक छापा मारकर सघन जांच अभियान चलाया और अवैध गतिविधियों में लिप्त वाहनों को जब्त किया है।

खनिज उड़नदस्ता दल द्वारा जिले के भैसामुडा, कटबिटला, कुदमुरमाल, सोनपुरी, सीतामढ़ी, बरमपुर, राताखार, पाली, ढुकुपथरा, बाल्को, कसनिया, कटघोरा, उरगा तथा पताढ़ी सहित अन्य संवेदनशील स्थानों पर दबिश दी गई।
कार्रवाई का विवरण (जब्त वाहन):
राताखार, पाली, पताढ़ी, हरदीबाजार और जेंजरा क्षेत्रों से अवैध परिवहन करते हुए निम्नलिखित वाहनों को रंगे हाथों पकड़ा गया:
- रेत का अवैध परिवहन: 04 ट्रैक्टर, 02 टीपर और 01 जेसीबी।
- लाल ईंट का अवैध परिवहन: 01 टीपर।
- निम्न श्रेणी चूना पत्थर का अवैध परिवहन: 01 हाईवा।
जब्त किए गए सभी वाहनों को आगामी वैधानिक कार्रवाई के लिए संबंधित थानों (थाना पाली, थाना सिविल लाईन रामपुर, थाना हरदीबाजार) तथा खनिज जॉच नाका उरगा व कटघोरा की अभिरक्षा में सुरक्षित सौंप दिया गया है।
कड़ी कानूनी कार्रवाई की चेतावनी:
खनिज विभाग के अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि इस विशेष अभियान का मुख्य उद्देश्य जिले में अवैध उत्खनन व परिवहन पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना, प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा सुनिश्चित करना तथा शासकीय राजस्व की हानि को रोकना है।
नियमों का उल्लंघन करने वाले और अवैध गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध खान और खनिज अधिनियम 1957 एवं छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम 2015 के विभिन्न वैधानिक प्रावधानों के तहत कड़ी दंडात्मक कार्रवाई की जा रही है। विभाग द्वारा आने वाले दिनों में भी यह अभियान निरंतर जारी रहेगा।



