ग्राम मोदे में लगा कांकेर जिले का अपनी तरह का पहला मेगा स्वास्थ्य शिविरविशेषज्ञ चिकित्सक स्वयं गांव पहुंचे, 732 लोगों ने कराया स्वास्थ्य परीक्षण
‘सेवा मेरा योगदान’ के तहत 29 लोगों ने किया स्वैच्छिक रक्तदान, 120 हितग्राहियों को निःशुल्क चश्मे वितरित
उत्तर बस्तर कांकेर, 30 सितंबर 2026/ सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत विकासखंड कांकेर के ग्राम मोदे में आज सेवा सेतु सह मेगा स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। यह कांकेर जिले में अपनी तरह का पहला ऐसा स्वास्थ्य शिविर रहा, जिसमें विभिन्न विशेषज्ञ चिकित्सक स्वयं गांव पहुंचकर ग्रामीणों को विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं एवं निःशुल्क परामर्श प्रदान करने पहुंचे। शिविर में ग्राम मोदे सहित आसपास की पंचायतों से बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे और विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लिया। शिविर में स्त्री रोग, कान-नाक-गला, हड्डी रोग, शिशु रोग एवं नेत्र रोग सहित विभिन्न विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा ग्रामीणों की जांच एवं स्वास्थ्य परामर्श किया गया। जरूरत के अनुसार हितग्राहियों को निःशुल्क दवाइयां भी वितरित की गईं।

732 लोगों ने कराया पंजीयन
शिविर में कुल 732 हितग्राहियों का (ओपीडी) में पंजीयन किया गया। इनमें से 50 हितग्राहियों का आयुष्मान कार्ड पंजीयन किया गया। गैर-संचारी रोगों (एनसीडी) के अंतर्गत 102 लोगों की जांच की गई। विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा किए गए स्वास्थ्य परीक्षण में स्त्री रोग विशेषज्ञ ने 17 महिलाओं की जांच की, जिनमें 6 गर्भवती महिलाएं शामिल रहीं। चिकित्सा विशेषज्ञ द्वारा 163 लोगों, कान-नाक-गला विशेषज्ञ द्वारा 20, हड्डी रोग विशेषज्ञ द्वारा 27, शिशु रोग विशेषज्ञ द्वारा 20 तथा नेत्र रोग विशेषज्ञ द्वारा 180 लोगों की जांच की गई। नेत्र परीक्षण के बाद 120 हितग्राहियों को निःशुल्क चश्मे वितरित किए गए।

इसके अलावा 49 लोगों की मुख एवं दंत स्वास्थ्य जांच, राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत 16 मरीजों की जांच तथा 224 लोगों की प्रयोगशाला जांच की गई। 9 लोगों का दिव्यांगता प्रमाण-पत्र के लिए पंजीयन किया गया। शिविर में 68 लोगों की टीबी जांच भी की गई। एचएलएल के माध्यम से 71 हितग्राहियों के रक्त नमूने जांच के लिए लिए गए।

‘सेवा मेरा योगदान’ के तहत 29 लोगों ने किया स्वैच्छिक रक्तदान
शिविर में ‘सेवा मेरा योगदान’ पहल के अंतर्गत रक्तदान शिविर भी लगाया गया। इसमें 29 लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान किया। कांकेर निवासी श्री योगेश प्रजापति ने स्वेच्छा से रक्तदान करते हुए कहा कि रक्तदान जरूरतमंदों के जीवन को बचाने में महत्वपूर्ण योगदान है। उन्होंने जिला प्रशासन की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ‘सेवा मेरा योगदान’ के माध्यम से उन्हें जनसेवा में सहभागी बनने का अवसर मिला। उन्होंने सेवा संकल्प अभियान के आयोजन के लिए राज्य शासन का आभार व्यक्त किया।

गांव में विशेषज्ञ चिकित्सकों के पहुंचने से ग्रामीणों को मिली बड़ी सुविधा
ग्राम मोदे निवासी 60 वर्षीय श्री शिवराम कावड़े ने बताया कि उन्हें घुटनों में दर्द तथा हाथ उठाने में परेशानी थी। स्वास्थ्य संबंधी समस्या के कारण वे इलाज के लिए शहर नहीं जा पा रहे थे। गांव में ही विशेषज्ञ चिकित्सकों के पहुंचने पर उन्होंने शिविर में अपना स्वास्थ्य परीक्षण कराया। उन्होंने कहा कि गांव में ही विशेषज्ञ डॉक्टरों से जांच एवं परामर्श मिलने से उन्हें काफी सुविधा मिली और वे बहुत खुश हैं।
कलेक्टर ने चिकित्सकों से की चर्चा, स्वयं भी कराया स्वास्थ्य परीक्षण
कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार ने शिविर का निरीक्षण कर विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं एवं जांच प्रक्रियाओं का जायजा लिया। उन्होंने शिविर में सेवाएं दे रहे विशेषज्ञ चिकित्सकों से चर्चा कर ग्रामीणों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली तथा चिकित्सकों द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना की। कलेक्टर ने स्वयं भी रक्तचाप (बीपी) एवं रक्त शर्करा (शुगर) की जांच कराई तथा स्वास्थ्य परीक्षण की प्रक्रिया का अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से शिविर में पहुंचे ग्रामीणों को समय पर जांच, परामर्श, दवाइयां एवं आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के संबंध में जानकारी ली। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित इस शिविर से ग्रामीणों को गांव में ही विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं एवं विभिन्न स्वास्थ्य जांच की सुविधा मिली। विशेषज्ञ चिकित्सकों का स्वयं गांव पहुंचकर ग्रामीणों को स्वास्थ्य सेवाएं देना शिविर की प्रमुख विशेषता रही।


