वन अधिकार अधिनियम एवं पेसा कानून के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर टास्क फोर्स समिति की समीक्षा बैठक आयोजित
उत्तर बस्तर कांकेर, 01 अक्टूबर 2026/ वन अधिकार अधिनियम, 2006 एवं पेसा कानून के प्रभावी क्रियान्वयन तथा वन अधिकार दावों के निराकरण में आ रही समस्याओं के समाधान को लेकर बुधवार को जिला कार्यालय कांकेर के सभाकक्ष में जिला स्तरीय वन अधिकार समिति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में वन अधिकार अधिनियम एवं पेसा कानून के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु गठित टास्क फोर्स समिति के सदस्य श्री कृष्ण कुमार वैष्णव एवं श्री सुबोध कुमार पांडे शामिल हुए।
बैठक में सदस्यों द्वारा जिले में वन अधिकार अधिनियम, 2006 के क्रियान्वयन की प्रगति तथा वन अधिकार दावों के निराकरण की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की गई। उन्होंने जिला स्तरीय वन अधिकार समिति के सदस्यों से वन अधिकार अधिनियम एवं पेसा कानून से संबंधित विभिन्न विषयों पर चर्चा करते हुए इसके प्रभावी क्रियान्वयन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। सदस्यों ने वन अधिकार के क्रियान्वयन के लिए शासन स्तर से प्राप्त राशि का समुचित एवं प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही ग्रामसभाओं से प्राप्त माइक्रोप्लान पर प्राथमिकता के साथ अग्रिम कार्यवाही करने को कहा, ताकि वन अधिकार प्राप्त हितग्राहियों एवं ग्राम समुदायों को योजनाओं का समुचित लाभ मिल सके। बैठक में धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के अंतर्गत जिले में ग्रामों के चयन तथा सी.एस.ओ., अशासकीय संस्थाओं एवं स्थानीय संस्थाओं के चयन के संबंध में सहायक आयुक्त आदिवासी विकास से विस्तृत चर्चा की गई। संबंधित अधिकारियों को अभियान के उद्देश्यों के अनुरूप आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में जिला स्तरीय वन अधिकार समिति के सदस्य एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।


