बासनवाही के बाजार में नुक्कड़ नाटक से दिया जनजागरूकता का संदेशशासकीय योजनाओं, स्वच्छता और सामाजिक सरोकारों के प्रति ग्रामीणों को किया जागरूक
उत्तर बस्तर कांकेर, 02 अक्टूबर 2026/ सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जनपद पंचायत नरहरपुर के ठाकुर भावसिंह कला एवं विज्ञान महाविद्याल के राष्ट्रीय सेवा योजना के छात्र-छात्राओं द्वारा ग्राम पंचायत बासनवाही के स्थानीय बाजार स्थल में प्रेरणादायी नुक्कड़ नाटक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया। नुक्कड़ नाटक के माध्यम से सरल, स्थानीय और प्रभावी संवादों के माध्यम से ग्रामीणों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं तथा सामाजिक सरोकारों से जुड़े विषयों की जानकारी दी गई। बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत बालिकाओं के संरक्षण, शिक्षा और उनके अधिकारों के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया। महतारी वंदन योजना के माध्यम से महिलाओं के आर्थिक स्वावलंबन और सशक्तिकरण पर प्रकाश डाला गया।


वहीं आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत मिलने वाली स्वास्थ्य सुविधाओं एवं निःशुल्क उपचार की जानकारी ग्रामीणों तक पहुंचाई गई। स्वच्छ भारत मिशन के संदेश को भी प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करते हुए ग्रामीणों से स्वच्छता को अपनी दैनिक जीवनशैली का हिस्सा बनाने तथा अपने घर और आसपास के सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने का आह्वान किया गया। नुक्कड़ नाटक के माध्यम से ग्रामीणों को जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी मिलने के साथ-साथ युवाओं में सामाजिक उत्तरदायित्व, जनसेवा और समाज के प्रति संवेदनशीलता की भावना को भी बढ़ावा मिला। इस अवसर पर श्री टिकेश्वर जैन, ग्राम पंचायत बासनवाही की सरपंच श्रीमती भाभीता नेताम सहित स्थानीय नागरिक एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।


