सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलकर ही बन सकता है स्वच्छ और सशक्त भारत: धरमलाल कौशिक
गांधी जी के स्वच्छता और स्वदेशी विचार आज भी प्रासंगिक: भूपेंद्र सवन्नी
बिल्हा (रूपचंद अग्रवाल की रिपोट )। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के पावन अवसर पर बिल्हा नगर पंचायत स्थित गांधी चौक में एक गरिमामयी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं क्षेत्रीय विधायक धरमलाल कौशिक तथा क्रेडा अध्यक्ष भूपेंद्र सवन्नी ने अहिंसा के पुजारी पूजनीय बापू की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धा सुमन अर्पित किए और उन्हें सादर नमन किया।


कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक ने कहा कि बदलते परिवेश में सुदृढ़ व विकसित भारत का निर्माण, विश्व गुरु बनने की दिशा में बढ़ते कदम और समाज में सकारात्मक परिवर्तन केवल सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलकर ही संभव है। उन्होंने जोर देकर कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सपनों का स्वच्छ व विकसित भारत गांधीवादी विचारधारा को अपनाकर ही साकार किया जा सकता है।
क्रेडा अध्यक्ष भूपेंद्र सवन्नी ने अपने उद्बोधन में कहा कि महात्मा गांधी के स्वच्छता और स्वदेशी के विचार आज भी उतने ही प्रासंगिक हैं जितने पहले थे। उन्होंने आम जनता से अपील करते हुए कहा, “स्वच्छता केवल शासन या प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि यह देश और प्रदेश के प्रत्येक नागरिक का परम कर्तव्य है।”


मुक्तिधाम में श्रमदान और स्वच्छता ही सेवा का संकल्प
नगर पंचायत अध्यक्ष श्रीमती वंदना जेंड्रे, उपाध्यक्ष सतीश शर्मा एवं सभापति मोहन ढोरीया के नेतृत्व में मुक्तिधाम परिसर में ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के तहत विशेष स्वच्छता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें विधायक धरमलाल कौशिक एवं क्रेडा अध्यक्ष भूपेंद्र सवन्नी ने सैकड़ों वरिष्ठ नागरिकों, युवाओं, महिलाओं तथा प्रशासनिक अधिकारियों व कर्मचारियों के साथ मिलकर श्रमदान किया और स्वच्छता का संकल्प लिया।

अग्रवाल समाज के साथ किया वृक्षारोपण
इस अवसर पर अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन इकाई बिल्हा के प्रहलाद राय अग्रवाल, अग्रवाल नवयुवकों एवं उपस्थित अतिथियों ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
इनकी रही सराहनीय उपस्थिति
कार्यक्रम को सफल बनाने में अग्रवाल सेवा समिति के अध्यक्ष राजेश अग्रवाल, महेश बिंदल, विष्णु बिंदल, तारा बिंदल, पुरुषोत्तम बंसल, सौरभ अग्रवाल, नंदकिशोर बंसल, तरुण बंसल, शिवम नौबतका, राजेश शर्मा, मनोज बंसल, महेश मखीजा, पुनीता दहरिया, कमल अग्रवाल और सोनू अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिकों का सराहनीय एवं प्रशंसनीय योगदान रहा।


