
बिलासपुर (सेमरताल)। छत्तीसगढ़ पुलिस के तत्वाधान में प्रदेश को अपराध एवं साइबर ठगी से मुक्त बनाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे विशेष साइबर जागरूकता अभियान का शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला सेमरताल में सफलतापूर्वक समापन हुआ। जिला पुलिस अधीक्षक (SP) के दिशा-निर्देशन में यह जन-जागरूकता अभियान जिले भर में 15 अगस्त से 2 अक्टूबर तक निरंतर संचालित किया गया।
समापन अवसर पर आयोजित विशेष कार्यक्रम में कोनी थाना प्रभारी जितेंद्र गुप्ता एवं एक माह के स्वतंत्र प्रभार पर आए भूपेंद्र सिंह देहारी की गरिमामयी उपस्थिति रही। दोनों पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों एवं उपस्थित नागरिकों का मार्गदर्शन करते हुए डिजिटल युग में होने वाले साइबर अपराधों और उनसे बचाव के व्यावहारिक तरीकों की विस्तृत जानकारी दी।
अज्ञात APK फाइलें न खोलें, ठगी होने पर 1930 पर करें तुरंत शिकायत
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए थाना प्रभारी जितेंद्र गुप्ता ने बच्चों और ग्रामीणों को सचेत किया कि किसी भी अज्ञात, अनजाने या संदिग्ध स्रोत से प्राप्त होने वाली APK (एपीके) फाइलों और लिंक को अपने मोबाइल पर कभी डाउनलोड या ओपन न करें। साइबर ठग इन फर्जी ऐप्स के माध्यम से मोबाइल का एक्सेस प्राप्त कर लोगों के बैंक खातों से मेहनत की कमाई उड़ा लेते हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि यदि किसी के साथ किसी भी प्रकार की वित्तीय धोखाधड़ी या साइबर अपराध घटित होता है, तो बिना समय गंवाए तत्काल राष्ट्रीय साइबर क्राइम हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल कर शिकायत दर्ज कराएं या अपने नजदीकी पुलिस थाने में संपर्क करें।
डिजिटल सुरक्षा के लिए सतर्कता और जागरूकता ही सबसे बड़ा बचाव
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित ‘मिशन न्यू इंडिया’ के छत्तीसगढ़ प्रदेश उपाध्यक्ष उमाशंकर साहू ने भी अपने विचार साझा किए। उन्होंने बच्चों एवं ग्रामीणों को डिजिटल दुनिया में सुरक्षित रहने के महत्वपूर्ण मूलमंत्र समझाते हुए कहा कि इंटरनेट और स्मार्टफोन का इस्तेमाल करते समय थोड़ी सी सतर्कता और सही जानकारी ही हमें बड़ी से बड़ी साइबर ठगी का शिकार होने से बचा सकती है।
शाला परिवार व ग्रामीणों की रही उल्लेखनीय उपस्थिति
इस जागरूकता कार्यक्रम के दौरान शाला विकास समिति के अध्यक्ष सतीश धीवर, सुरेंद्र पांडेय, पोमन सिंह ठाकुर, प्रदीप साहू, अभिषेक धीवर एवं ओमप्रकाश वर्मा सहित शाला परिवार के शिक्षकगण, कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीणजन एवं स्कूली छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।


