छत्तीसगढ़ प्रखर पत्रकार महासंघ का भव्य सम्मान समारोह 4 अक्टूबर को चांपा में; बिलासपुर, बेमेतरा व कोरबा से जुटेंगे 300 से अधिक पत्रकार
- ‘मिशन न्यू इंडिया’ के पदाधिकारियों का होगा विशेष अभिनंदन
- नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत होंगे मुख्य अतिथि
- बेमेतरा में आयोजित होगा महासंघ का आगामी प्रांतीय सम्मेलन
चांपा / बिलासपुर:
छत्तीसगढ़ प्रखर पत्रकार महासंघ (इकाई जांजगीर-चांपा) के तत्वावधान में आगामी 4 अक्टूबर 2026 (रविवार) को चांपा स्थित ओम सिटी में एक भव्य ‘सम्मान समारोह’ का आयोजन किया जा रहा है। सुबह 11:00 बजे से अपराह्न 4:00 बजे तक आयोजित इस गरिमामय कार्यक्रम में प्रदेश भर के पत्रकारों का जमघट लगेगा!
आयोजन के संबंध में जानकारी देते हुए महासंघ के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं जांजगीर-चांपा प्रभारी उमाशंकर साहू ने बताया कि पत्रकार समाज का आईना होते हैं और छत्तीसगढ़ प्रखर पत्रकार महासंघ सदैव पत्रकारों के हितों व अधिकारों की रक्षा के लिए तत्परता से कार्य करता रहा है। उन्होंने बताया कि इस सम्मेलन में बिलासपुर, बेमेतरा, कोरबा, चांपा सहित विभिन्न जिलों से लगभग 300 से अधिक पत्रकार शामिल होंगे। अकेले बिलासपुर जिले से ही 50 से अधिक पत्रकारों का दल चांपा पहुंचेगा। इस दौरान समाज सेवा और राष्ट्र निर्माण में उत्कृष्ट योगदान देने वाले ‘मिशन न्यू इंडिया’ के पदाधिकारियों का भी विशेष एवं भव्य नागरिक अभिनंदन किया जाएगा।
उमाशंकर साहू ने यह भी घोषणा की कि चांपा के इस सफल आयोजन के पश्चात महासंघ का अगला प्रांतीय सम्मेलन बेमेतरा जिले में आयोजित किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी बेमेतरा जिलाध्यक्ष नंदकुमार राजपूत को सौंपी गई है।
दिग्गज जनप्रतियों व वरिष्ठ हस्तियों की रहेगी गरिमामय उपस्थिति
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत शिरकत करेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता ‘गुरु जी माँ काली सेवा साधना’ के सनत राठौर करेंगे, जबकि जांजगीर-चांपा के पुलिस अधीक्षक (SP) विजय पाण्डेय अति विशिष्ट अतिथि के रूप में मंच साझा करेंगे इसके अलावा विशिष्ट अतिथि के रूप में जांजगीर-चांपा विधायक व्यास कश्यप, प्रसिद्ध समाजसेवी अमर सुल्तानिया एवं जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष राजेश अग्रवाल उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम में चांपा नगर पालिका अध्यक्ष प्रदीप नामदेव, उपाध्यक्ष अमर खटकर, जिला पंचायत सभापति उमा राजेन्द्र राठौर, जनपद पंचायत बलौदा सभापति चुड़ामणी राठौर, डी.बी. वेंचर्स के धीरेन्द्र बाजपेयी तथा युवा कांग्रेस अध्यक्ष पंकज शुक्ला सहित क्षेत्र के अनेक वरिष्ठ चिकित्सक, समाजसेवी व गणमान्य नागरिक भी मौजूद रहेंगे।
छत्तीसगढ़ प्रखर पत्रकार महासंघ की प्रदेश एवं जिला इकाई के समस्त पदाधिकारियों ने प्रदेश के सभी पत्रकार बंधुओं, समाजसेवियों व आम नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में चांपा पहुंचकर इस आयोजन को ऐतिहासिक व सफल बनाने की अपील की है।


