बिलासपुर में तीजा पर गांव गई महिला के सूने मकान से लाखों की चोरी, सगा बेटा ही निकला मास्टरमाइंड, तीन गिरफ्तार
बिलासपुर। बिलासपुर जिले के सकरी थाना क्षेत्र अंतर्गत सागरदीप कॉलोनी में हुई लाखों रुपये की चोरी का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि पीड़ित महिला का सगा बेटा ही इस पूरी चोरी का मास्टरमाइंड निकला, जिसने अपने दो साथियों के साथ मिलकर अपने ही घर में हाथ साफ किया था। सकरी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके पास से करीब 6 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवरात और घटना में इस्तेमाल बुलेट मोटरसाइकिल जप्त कर ली है।

मामले की जानकारी के अनुसार, सागरदीप कॉलोनी निवासी प्रार्थिया वृंदावती मिश्रा तीजा पर्व मनाने अपने मूल पैतृक गांव रीवा (मध्य प्रदेश) गई हुई थीं। जब वह वापस लौटीं, तो घर के कमरे में रखी अलमारी और उसके लॉकर का ताला टूटा मिला। अलमारी से सोने का हार, झुमके, माथा टीका, लेडीज व जेंट्स अंगूठियां, चांदी के पायल, बिछिया और ₹12,000 नगद समेत कुल ₹6,15,000 से अधिक के कीमती सामान गायब थे। महिला की शिकायत पर सकरी पुलिस ने अपराध क्रमांक 919/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 331(4), 305(ए), 317(2) एवं 3(5) के तहत मामला दर्ज किया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज कुमार पटेल एवं नगर पुलिस अधीक्षक (सिविल लाइन) परमेश्वर तिलकवार के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी सकरी के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने महिला के बेटे आशीष मिश्रा और उसके साथियों पर संदेह जताते हुए पूछताछ शुरू की। शुरुआत में आरोपी पुलिस को गुमराह करते रहे, लेकिन पुलिस की कड़ाई के आगे वे टूट गए और अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों—आशीष मिश्रा (31 वर्ष), सूरज सिंह ठाकुर उर्फ मोना (27 वर्ष, निवासी सिविल लाइन) और अनुराग चौधरी उर्फ लालू (23 वर्ष, निवासी उसलापुर) को गिरफ्तार किया है।
आरोपियों के मेमोरेंडम के आधार पर पुलिस ने चोरी किए गए सोने-चांदी के जेवरात, नगदी और वारदात में इस्तेमाल की गई बुलेट मोटरसाइकिल (क्रमांक CG 10 AZ 5100) जप्त कर ली है। सभी आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।


