पक्के आवास का सपना हुआ साकार, सेवा सेतु शिविर में हितग्राहियों को मिली पक्के आवास की चाबी
उत्तर बस्तर कांकेर, 14 अक्टूबर 2026/ हर परिवार का सपना होता है कि उसका अपना पक्का घर हो, जहां वह अपने परिवार के साथ सुरक्षित और सम्मानपूर्वक जीवन व्यतीत कर सके। शासन की प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण जरूरतमंद परिवारों के इस सपने को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत अंतागढ़ विकासखंड के ग्राम आमाबेड़ा में आयोजित जिला स्तरीय सेवा सेतु शिविर में आवास निर्माण पूर्ण करने वाले हितग्राहियों को उनके पक्के घर की प्रतीकात्मक चाबी सौंपी गई। वर्षों से अपने पक्के घर का सपना संजोए हितग्राहियों के लिए यह पल खुशियों और संतोष से भरा रहा।
शिविर में प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के अंतर्गत ग्राम आमाबेड़ा निवासी श्री नरेन्द्र वैद्य एवं श्री भवन सिंह नाग, ग्राम सोड़े निवासी श्री बुद्धदेव पटेल, ग्राम बड़ेतेवड़ा निवासी श्री रतउ राम एवं श्रीमती कुमारी बाई तथा ग्राम बेलोण्डी निवासी श्री गणेश जैन को आवास निर्माण पूर्ण होने पर प्रतीकात्मक चाबी सौपी गई। अपने पक्के आवास की चाबी पाकर हितग्राहियों के चेहरे खुशी से खिल उठे। अब वे अपने परिवार के साथ पक्के घर में सुरक्षित एवं बेहतर जीवन व्यतीत कर सकेंगे। हितग्राहियों ने कहा कि पक्का मकान प्रत्येक परिवार की बुनियादी जरूरत है। शासन की इस योजना से उनका वर्षों पुराना सपना पूरा हुआ है। उन्होंने इस जनकल्याणकारी पहल के लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय एवं जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।
सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित सेवा सेतु शिविर शासन की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम बना। शिविर के जरिए विभिन्न विभागों द्वारा ग्रामीणों को योजनाओं की जानकारी देने के साथ ही पात्र हितग्राहियों को मौके पर लाभान्वित किया गया।


