ब्युरो रिपोट जय खटवानी
कांकेर पुलिस की त्वरित कार्रवाई: ग्राम बड़ेगौरी में चाकू लहराकर आतंक फैलाने वाला 1 आरोपी गिरफ्तार, 2 बालकों पर कार्रवाई
कांकेर, 23 अक्टूबर 2026 — उत्तर बस्तर कांकेर जिले के थाना चारामा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बड़ेगौरी में आने-जाने वाले लोगों को धारदार हथियारों से धमकाने वाले 3 युवकों के विरुद्ध चारामा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने घेराबंदी कर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो अन्य विधि से संघर्षरत बालकों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की गई है। उनके कब्जे से 3 धारदार चाकू और एक स्कूटी जब्त की गई है।


पुलिस अधीक्षक श्री निखिल अशोक कुमार राखेचा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री योगेश साहू तथा एसडीओपी श्री हरिश पाटिल के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की गई। 22 अक्टूबर 2026 को पेट्रोलिंग के दौरान मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ संदिग्ध युवक बड़ेगौरी में चाकू लेकर घूम रहे हैं और लोगों को धमका रहे हैं।
सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए चारामा पुलिस ने मौके पर पहुंचकर तीनों को धर दबोचा। थाना चारामा में अपराध क्रमांक 220/2026, धारा 25 आर्म्स एक्ट के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया है।
जब्त सामग्री:
- काले कवर वाला धारदार चाकू (27×3 सेमी) दो अन्य लोहे के धारदार चाकू एक स्कूटी (क्रमांक CG 19 BD 5598)
मुख्य आरोपी भूपेन्द्र उर्फ सूरज कवाची (19 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया गया है, और नाबालिगों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की गई है। इस सराहनीय कार्रवाई में थाना प्रभारी सुरेश कुमार राठौर व उनकी टीम का विशेष योगदान रहा। कांकेर पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस हेल्पलाइन नंबर 9479155125 पर दें; सूचनाकर्ता की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।


