ब्युरो रिपोट जय खटवानी
कांकेर जिला अंतर्गत थाना लोहत्तर में पुलिस स्मृति सप्ताह (21 से 31 अक्टूबर 2026) के समापन अवसर पर वीर शहीद कृष्णा कोमरा को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। पुलिस मुख्यालय के दिशा-निर्देशों और पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवा पीढ़ी में राष्ट्रप्रेम और शहीदों के प्रति सम्मान की भावना जागृत करना था।


इसी क्रम में शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला लोहत्तर में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों और स्थानीय नागरिकों को शहीद कृष्णा कोमra के अदम्य साहस, वीरता, कर्तव्यनिष्ठा और सर्वोच्च बलिदान के बारे में विस्तार से बताया गया। अधिकारियों ने कहा कि देश और समाज की सुरक्षा के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले वीर जवानों का त्याग सदैव स्मरणीय रहेगा।
कार्यक्रम में थाना प्रभारी ऋषभ वाजपेयी, पुलिस स्टाफ, शाला के प्राचार्य, शिक्षकगण और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। सभी ने शहीद के छायाचित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया और उनके आदर्शों से प्रेरणा लेने का संकल्प लिया।



