ब्युरो रिपोट जय खटवानी
अवैध कबाड़ और वाहनों की कटिंग करने वाले आरोपी पर कांकेर पुलिस की बड़ी कार्रवाई
कांकेर पुलिस ने अवैध कबाड़ के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करते हुए नेशनल हाईवे-30 ठेलकाबोड़ स्थित ‘हिन्द इंटरप्राइजेस मेटल मैन्युफैक्चरिंग एंड रिसाइक्लिंग प्लांट’ पर छापा मारा। पुलिस ने प्लांट से अवैध रूप से काटे जा रहे चारपहिया वाहनों के पार्ट्स, हैंडपंप, एलपीजी गैस टंकी और लोहे के सामान सहित कुल 1,10,000 रुपये का मशरूक जप्त किया है।

पुलिस अधीक्षक निखिल अशोक कुमार राखेचा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश साहू व एसडीओपी हरीश पाटील के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। दिनांक 08.11.2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि ठेलकाबोड़ बाईपास स्थित उक्त प्लांट में वाहनों, सरकारी हैंडपंपों और गैस सिलेंडरों की अवैध कटिंग कर स्क्रैपिंग की जा रही है। थाना प्रभारी जितेन्द्र कुमार साहू के नेतृत्व में गठित टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की।

मौके पर प्लांट के संचालक/प्रोप्राइटर साबिर रजा (उम्र 20 वर्ष, निवासी संजयनगर कांकेर) से कबाड़ की खरीद-बिक्री के वैध दस्तावेज मांगे गए, जिन्हें वह प्रस्तुत नहीं कर सका। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चारपहिया वाहन के बॉडी पार्ट्स व गियर बॉक्स, ट्रैक्टर के हाउसिंग इंजन व पार्ट्स, कटी हुई घरेलू एलपीजी गैस टंकी, 6 नग लोहे के आई-बीम, 5 नग हैंडपंप बॉडी, अशोक लीलैंड ट्रक का अगला हिस्सा, सी-सेक्शन के टुकड़े तथा कबाड़ से भरा ट्रक (क्रमांक CG 04 PV 6408) जप्त किया है। जप्त सामग्री की कुल कीमत 1,10,000 रुपये है।
आरोपी साबिर रजा के विरुद्ध थाना कांकेर में अपराध क्रमांक 397/2026 धारा 317(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना में लिया गया है। इस पूरी कार्रवाई में निरीक्षक जितेन्द्र कुमार साहू, उपनिरीक्षक मनोरथ जोशी, रामेश्वर सहित अन्य पुलिसकर्मी व साइबर सेल टीम सक्रिय रही।





