कोड़ापुरी में नवीन डाकघर खोलने की मांग, प्रवर अधीक्षक ने सर्वे कराने का दिया आश्वासन
20 गांवों के ग्रामीणों को मिल सकेगी डाक सेवाओं की सुविधा, जनपद सदस्य कविता महेश यादव ने सौंपा मांग पत्र
बिलासपुर/तखतपुर, संवाददाता अश्वनी यादव। जनपद पंचायत तखतपुर के क्षेत्र क्रमांक 13 अंतर्गत ग्राम पंचायत कोड़ापुरी में नवीन डाकघर खोलने की मांग तेज हो गई है। जनपद सदस्य श्रीमती कविता महेश यादव ने इस संबंध में प्रवर अधीक्षक डाकघर, बिलासपुर को मांग पत्र सौंपकर नवीन डाकघर स्थापित करने की मांग की है। उन्होंने बताया कि कोड़ापुरी आसपास के लगभग 20 गांवों का प्रमुख व्यावसायिक एवं आवागमन केंद्र है। क्षेत्र की बढ़ती आबादी और ग्रामीणों की जरूरतों को देखते हुए यहां डाकघर की सुविधा उपलब्ध कराना आवश्यक है।
मांग पत्र पर प्रवर अधीक्षक द्वारा सकारात्मक पहल करते हुए नियमानुसार सर्वे कराने की बात कही गई है। उन्होंने आश्वस्त किया है कि सर्वे के दौरान ग्राम कोड़ापुरी डाकघर स्थापना के निर्धारित क्राइटेरिया (मापदंडों) में पात्र पाया जाता है, तो विभागीय कार्यालय को नवीन डाकघर खोलने के लिए प्रस्ताव भेजा जाएगा। इससे क्षेत्र के ग्रामीणों में डाकघर खुलने की उम्मीद जगी है।
जनपद सदस्य कविता महेश यादव ने कहा कि कोड़ापुरी में डाकघर खुलने से आसपास के करीब 20 गांवों के लोगों को डाक, बचत, पार्सल एवं अन्य विभागीय सेवाओं का लाभ स्थानीय स्तर पर मिल सकेगा। ग्रामीणों को छोटे-छोटे कार्यों के लिए दूरस्थ स्थानों पर जाने की परेशानी से राहत मिलेगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि सर्वे प्रक्रिया शीघ्र पूरी कर जनहित में प्रस्ताव आगे बढ़ाया जाएगा।





