बिल्हा विधानसभा के मुरकुटा में आयोजित हुई ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ जन चौपाल, मताधिकार की रक्षा का लिया गया संकल्प
बिलासपुर / बिल्हा:कांग्रेस पार्टी के आह्वान पर बिल्हा विधानसभांतर्गत बरतोरी मंडल के सेक्टर ग्राम मुरकुटा में ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ जन चौपाल कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों को उनके मताधिकार के महत्व से अवगत कराना और लोकतंत्र की रक्षा के प्रति जागरूक करना था।

जन चौपाल को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि आज देश में संविधान और लोकतंत्र खतरे में है। “अगर वोट बचेगा, तभी देश बचेगा।” केंद्र और राज्य की भारतीय जनता पार्टी की सरकार पर हमला बोलते हुए आरोप लगाया गया कि यह सरकार देश के तमाम सार्वजनिक संसाधनों को बड़े-बड़े पूंजीपतियों के हाथों बेच रही है। साथ ही सुनियोजित तरीके से वोटों की चोरी की जा रही है। पूरे देश में लगभग 13 करोड़ मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से काटे जा चुके हैं, वहीं अकेले बिल्हा विधानसभा क्षेत्र में 25,000 वोट काटे जाने की बात सामने आई है। ऐसी स्थिति में जनता से अपने मताधिकार और वोट की सुरक्षा करने की पुरजोर अपील की गई।

कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र की गंभीर समस्याओं को भी प्रमुखता से उठाया गया। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि आज पूरा देश और प्रदेश महंगाई तथा चरम बेरोजगारी से जूझ रहा है। ग्रामीण अंचलों में बिजली बिल की भारी समस्या, खस्ताहाल सड़कें, नाली और पेयजल जैसी बुनियादी जरूरतें आज भी यथावत बनी हुई हैं, जिससे आम जनजीवन दूभर हो गया है।
इस महत्वपूर्ण जन चौपाल कार्यक्रम में मुख्य रूप से बिल्हा विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक श्री सियाराम कौशिक, जिला कांग्रेस कमेटी बिलासपुर के उपाध्यक्ष एवं बरतोरी मंडल के प्रभारी श्री विमल अग्रवाल, जिला कांग्रेस कमेटी के सचिव श्री रोहिणी नौबतका, ब्लॉक अध्यक्ष श्रीमती गीतांजलि कौशिक, मंडल अध्यक्ष श्री भारत यादव, सेक्टर अध्यक्ष श्री धनुष मरावी, श्री हीरा जायसवाल सहित बड़ी संख्या में बूथ अध्यक्ष, पंचायत अध्यक्ष, बीएलए (बूथ लेवल एजेंट) और स्थानीय ग्रामीणजन उपस्थित रहे।





