निरतु तुरकाडीह में छत्तीसगढ़ महतारी की प्रतिमा स्थापित, सशक्त नारी महासंग एवं छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना की पहल सराहनीय
बिलासपुर /तखतपुर संवाददाता अश्वनी यादव/ छत्तीसगढ़ की अस्मिता, स्वाभिमान, संस्कृति और मातृशक्ति के सम्मान के प्रतीक छत्तीसगढ़ महतारी की प्रतिमा स्थापना समारोह ग्राम निरतु तुरकाडीह में हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। इस आयोजन में सशक्त नारी महासंग एवं छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना की महत्वपूर्ण भूमिका रही। प्रतिमा स्थापना को लेकर ग्रामीणों में उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ताओं, माताओं-बहनों एवं युवाओं ने सहभागिता निभाई।
समारोह के दौरान छत्तीसगढ़ महतारी की प्रतिमा की विधिवत पूजा-अर्चना एवं माल्यार्पण कर प्रदेश की सुख-समृद्धि, खुशहाली और निरंतर प्रगति की कामना की गई। उपस्थित लोगों ने छत्तीसगढ़ महतारी के जयकारों के साथ अपनी माटी और संस्कृति के प्रति सम्मान प्रकट किया। आयोजकों ने कहा कि छत्तीसगढ़ महतारी की प्रतिमा केवल एक मूर्ति नहीं, बल्कि प्रदेश की पहचान, गौरवशाली इतिहास, लोकसंस्कृति, भाषा, परंपरा और स्वाभिमान का जीवंत प्रतीक है। इस तरह के आयोजन से नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जुड़ने और छत्तीसगढ़ की परंपराओं को सहेजने की प्रेरणा मिलेगी।


आयोजकों ने कहा कि छत्तीसगढ़ की पहचान यहां की माटी, मेहनतकश जनता, लोकपरंपराओं और मातृशक्ति से है। महतारी की प्रतिमा की स्थापना समाज में एकता, सांस्कृतिक चेतना और अपनी पहचान के प्रति गौरव की भावना को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। विशेष रूप से सशक्त नारी महासंग की सहभागिता ने मातृशक्ति के सम्मान और सामाजिक भागीदारी का संदेश दिया। वहीं छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना ने स्थानीय संस्कृति और अस्मिता के संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता प्रदर्शित की।
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना के जिला संयोजक मनोज कौशिक, जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी के जिलाध्यक्ष शैलू ठाकुर, छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना के ब्लॉक अध्यक्ष भगवत सूर्यवंशी, जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी के तखतपुर अध्यक्ष बलराम साहू, ब्लॉक उपाध्यक्ष लोकेश निषाद सहित भारत कौशिक, खिलेश्वर सिंगरौल, मनहरण साहू, नागेश साहू, रामायण निषाद एवं विसराम साहू उपस्थित रहे। आयोजकों ने प्रतिमा स्थापना समारोह को सफल बनाने में प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग देने वाले समस्त ग्रामवासियों, माताओं-बहनों, युवाओं एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया।





