ब्युरो रिपोट जय खटवानी
गौशाला ले जाने का झांसा देकर 40 गौवंश चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, ओडिशा से 02 और तस्कर गिरफ्तार; अब तक कुल 15 आरोपी सलाखों के पीछे
कांकेर। थाना नरहरपुर क्षेत्र से लगभग 40 गौवंशों की चोरी के मामले में कांकेर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने ओडिशा के नवरंगपुर जिले से दो अन्य गौ-तस्करों को गिरफ्तार किया है। इस प्रकरण में अब तक कुल 15 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
प्रार्थी रविकांत ठाकुर (निवासी वार्ड क्र. 08, नरहरपुर) ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 30 सितंबर 2026 की रात करीब 11 बजे हिमांशु तिवारी, गौरव शोरी, मनीष बघेल और विश्वनाथ कौशिक ने ग्रामीणों को गौवंशों को पंडरीपानी (सिहावा) गौशाला ले जाने का झांसा दिया। आरोपियों ने 06 पिकअप वाहनों में करीब ₹2,80,000 कीमत के 40 गाय और बछड़े भर लिए, लेकिन गौशाला न ले जाकर उन्हें बेच दिया। मामले में थाना नरहरपुर में अपराध क्रमांक 193/2026, धारा 303(2) BNS के तहत मामला दर्ज किया गया।

पुलिस अधीक्षक श्री निखिल राखेचा (भा.पु.से.) के निर्देशन एवं वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक शिवेन्द्र राजपूत के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। जांच में पता चला कि 10 गौवंश ग्रामीणों को बांटने के बाद शेष मवेशी ओडिशा में बेचे गए थे। सूचना पर ओडिशा रवाना हुई टीम ने जामगांव क्षेत्र में घेराबंदी कर दो आरोपियों को धर दबोचा। पूछताछ में उन्होंने विजय साहू और प्रियेश साहू से मवेशी खरीदकर रायघर व कोटागांव बाजार में बेचना स्वीकार किया।
गिरफ्तार आरोपी:
लछिंदर उर्फ लच्छू सतनामी (38 वर्ष), निवासी ढोड्रापारा, थाना रायघर, जिला नवरंगपुर (ओडिशा)।सूरी नाग (41 वर्ष), निवासी सानकुमड़ी, थाना पापड़ाहांडी, जिला नवरंगपुर (ओडिशा)।
दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। इस कार्रवाई में निरीक्षक शिवेन्द्र राजपूत, उप निरीक्षक बुधारू राम मरकाम, प्रधान आरक्षक विमल भास्कर, आरक्षक गुलशन मंडावी एवं पवन मरकाम की सराहनीय भूमिका रही।





