कांकेर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: ‘उजियारा अभियान’ के तहत गांजा तस्करी करते एक आरोपी गिरफ्तार
कांकेर, 18 नवंबर 2026जिला उत्तर बस्तर कांकेर पुलिस ने अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे ‘उजियारा अभियान’ के तहत एक और बड़ी सफलता हासिल की है। थाना सिटी कोतवाली कांकेर और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने कृषि उपज मंडी (अन्नपूर्णापारा) के पास गांजा बेच रहे एक आरोपी को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक श्री निखिल अशोक कुमार राखेचा के निर्देशन और वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक संदिग्ध व्यक्ति मंडी के पास ग्राहकों की तलाश कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने त्वरित घेराबंदी की, जहां पुलिस को देखकर भागने का प्रयास कर रहे आरोपी को पकड़ लिया गया।

तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 56 ग्राम गांजा (कीमत ₹2,800), 02 मोबाइल फोन और 01 होंडा स्कूटी जप्त की गई। जप्तशुदा कुल सामग्री की अनुमानित कीमत ₹57,800 है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान सोहेब अख्तर (उम्र 26 वर्ष), निवासी सुभाष वार्ड, कांकेर के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ थाना सिटी कोतवाली में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया गया है। पूछताछ में यह भी सामने आया कि आरोपी का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड रहा है, जिसमें पूर्व में थाना कांकेर और थाना बालोद में जुआ, मारपीट व एनडीपीएस एक्ट के तहत मामले दर्ज हैं। इस सफल कार्रवाई में थाना कोतवाली और साइबर सेल के अधिकारी-कर्मचारी शामिल रहे।





