संवाददाता सुरज वाधवानी
स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालयों में फीस वसूली के निर्णय पर नृसिंह मंदिर के आचार्य ने जताई गहरी आपत्ति
सकरी/हाफा: ग्राम हॉफा स्थित प्रसिद्ध सिद्ध देवाधिदेव बघर्रा पाठ महाराज भगवान नृसिंह मंदिर के आचार्य ने स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालयों में शुल्क लागू करने की खबरों पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए इसे जनविरोधी और गरीब विरोधी कदम बताया है।
आचार्य जी ने कहा कि मीडिया के माध्यम से यह जानकारी सामने आई है कि वर्तमान सरकार द्वारा कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों से लगभग 1,500 रुपये सालाना शुल्क और अन्य प्रवेश व परीक्षा संबंधी राशि वसूलने की तैयारी की जा रही है। उन्होंने इस नीतिगत बदलाव की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए कहा कि यह निर्णय गरीब, शोषित और मध्यम वर्ग के मेधावी बच्चों के शैक्षणिक भविष्य के साथ प्रत्यक्ष खिलवाड़ है।

प्रेस नोट में आचार्य जी ने रेखांकित किया कि पिछली सरकार के कार्यकाल के दौरान इन विद्यालयों की स्थापना इस उद्देश्य से की गई थी कि समाज के हर तबके के बच्चे बिना किसी आर्थिक बोझ के गुणवत्तापूर्ण हिंदी और अंग्रेजी माध्यम की शिक्षा प्राप्त कर सकें। शिक्षा पूरी तरह निःशुल्क होने के कारण ग्रामीण व कमजोर आर्थिक पृष्ठभूमि के छात्रों को एक बेहतर मंच मिला था।
उन्होंने कहा कि शुल्क लागू करने की इस सुगबुगाहट से अभिभावकों और सामाजिक हलकों में भारी चिंता और आक्रोश का माहौल है। आचार्य जी ने शासन से मांग की है कि शिक्षा के बाजारीकरण को रोकते हुए स्वामी आत्मानंद विद्यालयों में पूर्ववत पूरी तरह निःशुल्क शिक्षा की व्यवस्था कायम रखी जाए, ताकि कोई भी होनहार छात्र पैसों के अभाव में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा से वंचित न रहे।





