सुरज वाधवानी की रिपोट
स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालयों में फीस वसूली के निर्णय पर नृसिंह मंदिर के आचार्य ने जताई आपत्ति
सकरी ग्राम हॉफा/छत्तीसगढ़:सकरी ग्राम हॉफा स्थित प्रसिद्ध सिद्ध देवाधिदेव बघर्रा पाठ महाराज भगवान नृसिंह मंदिर के आचार्य ने स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालयों में शुल्क लागू किए जाने की खबरों पर कड़ी आपत्ति जताई है। उन्होंने राज्य सरकार के इस नीतिगत बदलाव की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए इसे गरीब और मध्यम वर्ग के विद्यार्थियों के भविष्य के साथ खिलवाड़ करार दिया है।

आचार्य जी ने कहा कि पिछली भूपेश बघेल सरकार के कार्यकाल में इन विद्यालयों को पूरी तरह से निःशुल्क रखा गया था ताकि समाज के वंचित, आर्थिक रूप से कमजोर और मेधावी छात्र बिना किसी वित्तीय बोझ के गुणवत्तापूर्ण अंग्रेजी और हिंदी माध्यम की शिक्षा प्राप्त कर सकें।
समाचार माध्यमों से मिली जानकारी का हवाला देते हुए आचार्य जी ने बताया कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार द्वारा पूरी तरह मुफ्त संचालित होने वाले स्वामी आत्मानंद स्कूलों में अब भाजपा सरकार के कार्यकाल के दौरान फीस लिए जाने का प्रस्ताव सामने आया है। खबरों के अनुसार, कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों से लगभग ₹1,500 सालाना शुल्क के साथ-साथ प्रवेश व परीक्षा संबंधी अन्य राशियां वसूले जाने की सुगबुगाहट है।
शुल्क वसूली की इस तैयारी के बाद से ही धार्मिक, सामाजिक और शैक्षणिक हलकों में विरोध के स्वर उठने लगे हैं। आचार्य जी ने मांग की है कि सरकार इस निर्णय पर तुरंत पुनर्विचार करे और बच्चों को पूर्व की तरह निःशुल्क एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की व्यवस्था सुनिश्चित करे।





