राष्ट्रीय ब्राह्मण महासंघ (बिलासपुर) द्वारा हर्षोल्लास के साथ मनाया गया हलषष्ठी पर्व
बिलासपुर। राष्ट्रीय ब्राह्मण महासंघ जिला बिलासपुर की महिलाओं ने धार्मिक रीति-रिवाज और विधि-विधान के साथ हलषष्ठी (खमरछठ) का व्रत रखकर पूजा-अर्चना की। सनातन परंपरा में यह व्रत संतान की दीर्घायु, स्वास्थ्य और सुख-समृद्धि की कामना के लिए रखा जाता है। इस दिन भगवान श्री कृष्ण के बड़े भाई श्री बलराम जी का जन्मोत्सव भी मनाया जाता है।



कार्यक्रम में राष्ट्रीय ब्राह्मण महासंघ की अर्चना तिवारी, मीनू दुबे, शशि प्रभा पांडे, प्रतिभा पांडे, लता दुबे और श्री दुबे सहित समाज की अनेक बहनों ने अपने-अपने क्षेत्रों में अन्य महिलाओं के साथ मिलकर पूजा संपन्न की। पूजा के पश्चात माताओं ने अपनी संतान को पोती (तिलक) लगाकर उनकी लंबी उम्र का आशीर्वाद दिया।

हलषष्ठी व्रत की प्रमुख धार्मिक मान्यताएं:
- पसहर चावल और भैंस के दूध का महत्व: इस व्रत में बिना जुते हुए अनाज (पसहर चावल) और केवल भैंस के दूध, दही व घी का उपयोग किया जाता है। पौराणिक मान्यता के अनुसार, इस दिन गाय का दूध पूरी तरह वर्जित रहता है ताकि गौ माता का दूध केवल उनके बछड़े के लिए सुरक्षित रहे।
- महुआ और बांस की टोकरी का विशेष पूजन: व्रत में महुआ की दातून, पत्तल-दोने और महुआ के पत्तों का उपयोग अनिवार्य होता है। वंश वृद्धि की कामना के लिए बांस की टोकरियों में 7 प्रकार का अनाज (सप्तधान्य) भरकर सुहाग सामग्री के साथ व्रती महिलाओं को दान किया जाता है।
राष्ट्रीय ब्राह्मण महासंघ की बहनों ने इस अवसर पर समाज को संदेश दिया कि सनातन धर्म की समृद्ध परंपराओं और धार्मिक व्रतों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करना हमारी संस्कृति को जीवंत रखने के लिए अत्यंत आवश्यक है।





