सिरगिट्टी पुलिस द्वारा दर्ज बिना सहमति गर्भपात मामले में आरोपी महिला डॉक्टर उज्ज्वला कराड़े की अग्रिम जमानत याचिका जिला न्यायालय से खारिज; दोनों आरोपियों की तलाश जारी
बिलासपुर, थाना सिरगिट्टी क्षेत्र अंतर्गत एक गर्भवती महिला की सहमति के बिना उसका गर्भपात कराए जाने के गंभीर मामले में जिला न्यायालय ने आरोपी महिला डॉक्टर डॉ. उज्ज्वला कराड़े की अग्रिम जमानत याचिका खारिज कर दी है। इस प्रकरण में पुलिस द्वारा आरोपी पति तथा निजी अस्पताल की संचालक के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की सुसंगत धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना की जा रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़िता की शिकायत पर सिरगिट्टी पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज की थी। शिकायत में पीड़िता ने बताया कि वह तीन माह की गर्भवती थी। इसी दौरान कोरबा निवासी उसके पति सुयश अग्रवाल ने उससे तलाक लेने की मंशा बनाई। शिकायत के मुताबिक, आरोपी पति को यह आशंका थी कि यदि संतान का जन्म हो जाता है, तो भविष्य में तलाक की कानूनी प्रक्रिया में कठिनाई उत्पन्न हो सकती है। इसी कथित उद्देश्य से पति ने जेपी हॉस्पिटल की संचालक डॉ. उज्ज्वला कराड़े के साथ कथित रूप से मिलीभगत कर पीड़िता की सहमति के बिना उसका गर्भपात करा दिया।
पीड़िता की रिपोर्ट के आधार पर सिरगिट्टी पुलिस ने आरोपी पति सुयश अग्रवाल और डॉ. उज्ज्वला कराड़े के खिलाफ बीएनएस (BNS) की धारा 89 और धारा 3(5) के तहत मामला दर्ज कर जांच प्रारंभ की। प्रकरण दर्ज होने के पश्चात संभावित गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी महिला डॉक्टर डॉ. उज्ज्वला कराड़े द्वारा जिला न्यायालय में अग्रिम जमानत याचिका प्रस्तुत की गई थी, जिसे न्यायालय ने विचारोपरांत खारिज कर दिया।
इस संबंध में सीएसपी परमेश्वर तिलकवार ने बताया कि प्रकरण के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है। संबंधित साक्ष्य और तथ्यों का संकलन जारी है। फिलहाल इस मामले में नामजद दोनों आरोपी—सुयश अग्रवाल और डॉ. उज्ज्वला कराड़े—पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं और पुलिस टीमें उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश देते हुए लगातार तलाश कर रही हैं।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि मामले की विवेचना निष्पक्ष एवं प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाई जा रही है तथा आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार कर आगे की वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।





