डिलिवरी बॉय से लूटपाट करने वाले गैंग पर सरकंडा पुलिस का प्रहार; दो बालिग और दो नाबालिग गिरफ्तार
- ब्लिंकिट डिलीवरी बॉय से मोबाइल और नगदी लूटने वाले चारों आरोपी चंद घंटों में धरे गए।
- आरोपियों के कब्जे से लूटा गया मोटोरोला मोबाइल और नगद राशि बरामद।
- क्षेत्र में दहशत फैलाने की कोशिश करने वालों के विरुद्ध बिलासपुर पुलिस की सख्त कार्रवाई।
बिलासपुर | दिनांक: 19/01/2026
बिलासपुर पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह (भा.पु.से.) द्वारा जिले में अपराधियों और लूटपाट करने वाले गिरोहों के विरुद्ध चलाए जा रहे कड़े अभियान के तहत सरकंडा पुलिस को एक महत्वपूर्ण सफलता मिली है। अशोक विहार फेस-2 में एक डिलीवरी बॉय के साथ हुई लूट की घटना को सुलझाते हुए पुलिस ने दो मुख्य आरोपियों सहित दो नाबालिगों को गिरफ्तार किया है।
घटना का विवरण:

प्रार्थी कुश कुमार खुसरो (ब्लिंकिट कंपनी में डिलीवरी बॉय) ने दिनांक 18.01.2026 को थाना सरकंडा में रिपोर्ट दर्ज कराई कि दोपहर करीब 01:30 बजे जब वह अशोक विहार फेस-2 से डिलीवरी कर लौट रहा था, तब चार युवकों ने उसका रास्ता रोक लिया। आरोपियों ने जबरन प्रार्थी की जेब से 1000 रुपये नगद और एक मोटोरोला मोबाइल लूट लिया और मौके से फरार हो गए। भागते समय एक आरोपी ने दूसरे को ‘आकाश’ नाम से पुकारा, जिससे पुलिस को अहम सुराग मिला।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई और गिरफ्तारी:

मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ACCU) श्री अनुज कुमार एवं सी.एस.पी. (सिविल लाइन/सरकंडा) श्री निमितेश सिंह के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी सरकंडा निरीक्षक प्रदीप आर्य के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।
मुखबिर की सूचना पर चिंगराजपारा शिव मंदिर के पास घेराबंदी कर संदेहियों को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में आरोपी आकाश केंवट ने अपने साथी दीपक पटेल और दो अन्य नाबालिगों के साथ मिलकर लूट की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपियों की निशानदेही पर लूटा गया मोबाइल और नगदी बरामद कर ली गई है।
गिरफ्तार आरोपी:
- आकाश केंवट पिता विजय केंवट (21 वर्ष), निवासी चिंगराजपारा, सरकंडा।
- दीपक पटेल पिता द्वारिका पटेल (20 वर्ष), निवासी चिंगराजपारा, सरकंडा।
- 02 विधि से संघर्षरत् नाबालिग बालक।
सराहनीय भूमिका:
उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी सरकंडा निरीक्षक प्रदीप आर्य और उनकी टीम का विशेष योगदान रहा। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहाँ से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।

