बिलासपुर: ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत सटोरियों पर पुलिस का डंडा, सिटी कोतवाली पुलिस ने शेख रमजान को भेजा जेल
अमित पवार, डिस्ट्रिक्ट क्राइम रिपोर्टर
सीजी क्राइम न्यूज, बिलासपुर
बिलासपुर। शहर में अपराध और अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत सिटी कोतवाली पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) रजनेश सिंह के सख्त निर्देश के बाद पुलिस टीम ने टिकरापारा के कंसा चौक पर दबिश देकर सट्टा खिलाते एक युवक को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
कंसा चौक पर चल रहा था दांव

जानकारी के अनुसार, पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि टिकरापारा इलाके में सट्टा-पट्टी के जरिए लोगों के पैसे दांव पर लगवाए जा रहे हैं।
एएसपी (शहर) पंकज पटेल और सीएसपी कोतवाली गगन कुमार के मार्गदर्शन में कोतवाली पुलिस ने घेराबंदी की। इस दौरान शेख रमजान उर्फ गग्गा (25 वर्ष) को अंकों के जरिए सट्टा लिखते हुए पकड़ा गया। आरोपी के पास से सट्टा-पट्टी और नगद 730 रुपये बरामद किए गए हैं।
जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत कार्रवाई
पुलिस ने आरोपी शेख रमजान के खिलाफ अपराध क्रमांक 85/26 के तहत धारा 6 (क) छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम के अंतर्गत मामला दर्ज किया है। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
गुंडा-बदमाशों पर भी कसा शिकंजा
सट्टा के अलावा, कोतवाली पुलिस ने क्षेत्र में अशांति फैलाने वाले और लंबे समय से गायब रहने वाले लिस्टेड बदमाशों पर भी कार्रवाई की है। मन्नू चौक निवासी दीप श्रीवास (23 वर्ष) और कतियापारा के राहुल सिंह (25 वर्ष) के खिलाफ धारा 170 BNSS के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है। पुलिस की इस सक्रियता से अपराधियों में हड़कंप मचा हुआ है।


