बिलासपुर पुलिस का बड़ा एक्शन: नशे के सौदागरों और अवैध हथियारों के अंतर्राज्यीय गैंग का भंडाफोड़, भोपाल से पकड़ाया मुख्य सप्लायर
अमित पवार, जिला क्राइम रिपोर्टर, सीजी क्राइम न्यूज़
बिलासपुर पुलिस ने नशे के काले कारोबार और अवैध हथियारों की तस्करी करने वाले एक खतरनाक अंतर्राज्यीय गिरोह की कमर तोड़ दी है। एसएसपी के निर्देश पर बनी स्पेशल टीम ने मिनीबस्ती में दबिश देकर न केवल भारी मात्रा में नशीली गोलियां बरामद की, बल्कि गिरोह के पास से ऑटोमेटिक पिस्टल और जिंदा कारतूस भी जब्त किए हैं।
मिनीबस्ती में आधी रात को दबिश, आरोपी स्वराज कुर्रे गिरफ्तार
पुलिस को लंबे समय से सूचना मिल रही थी कि शहर के मिनीबस्ती इलाके में नशे का जाल फैलाया जा रहा है। सिविल लाइन और तारबाहर पुलिस की संयुक्त टीम ने जब आरोपी स्वराज कुर्रे के ठिकाने पर रेड मारी, तो वहां का नजारा देख पुलिस भी दंग रह गई। आरोपी के पास से 1100 नग प्रतिबंधित नाइट्राजेपाम टेबलेट मिली। तलाशी के दौरान पुलिस को एक ऑटोमेटिक पिस्टल, दो मैग्जीन और 20 जिंदा कारतूस भी बरामद हुए।


भोपाल तक जुड़ रहे थे तार, फरार सप्लायर दबोचा गया
गिरफ्तार आरोपी स्वराज से जब कड़ी पूछताछ की गई, तो उसने खुलासा किया कि हथियारों की ये खेप उसे मध्य प्रदेश के भोपाल से सप्लाई की जा रही थी। इस धंधे का मुख्य मास्टरमाइंड भोपाल निवासी धीरेन्द्र सिंह तोमर निकला। धीरेन्द्र पहले भी बिलासपुर में हथियार सप्लाई के मामले में फरार चल रहा था।
बिलासपुर पुलिस की एक विशेष टीम तत्काल भोपाल रवाना हुई और स्थानीय इनपुट की मदद से धीरेन्द्र को धर दबोचा। आरोपी के पास से एक और पिस्टल व दो मैग्जीन बरामद हुई है।

अब संपत्तियों पर चलेगा ‘प्रहार’
पुलिस अब इस गैंग के आर्थिक नेटवर्क को तोड़ने की तैयारी में है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने अपराध से जो भी अवैध संपत्ति बनाई है, उसकी पहचान कर ली गई है और जल्द ही उस पर जब्ती की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया है ताकि गिरोह के अन्य गुर्गों का पता लगाया जा सके।
जब्त सामान की फेहरिस्त:
नशीली दवा: 1100 नग नाइट्राजेपाम टेबलेट
हथियार: 2 ऑटोमेटिक पिस्टल, 4 मैग्जीन, 20 कारतूस
अन्य: 1 लोहे का चाकू और जुपीटर स्कूटी (CG-10-CA-8764)


