चकरभाठा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: नाबालिग का अपहरण कर दुष्कर्म करने वाला आरोपी विक्की डहरिया रायपुर से गिरफ्तार
अमित पवार (डिस्ट्रिक्ट क्राइम रिपोर्टर, CG Crime News, बिलासपुर)
बिलासपुर। चकरभाठा पुलिस ने नाबालिग बालिका के अपहरण और बलात्कार के मामले में फरार चल रहे आरोपी को राजधानी रायपुर से गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी घटना के बाद से ही पहचान छिपाकर रायपुर में रह रहा था।

क्या है पूरा मामला?
प्रकरण की शुरुआत 11 दिसंबर 2025 को हुई थी, जब पीड़ित परिवार ने चकरभाठा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनकी नाबालिग बेटी को कोई अज्ञात व्यक्ति अपहरण कर ले गया है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की और संदिग्धों की तलाश जारी रखी।
रायपुर में मिली लोकेशन, पुलिस ने दी दबिश
लगातार की जा रही पतासाजी के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी विक्की डहरिया नाबालिग को लेकर रायपुर में रह रहा है। सूचना मिलते ही चकरभाठा पुलिस की टीम ने रायपुर में दबिश दी और आरोपी को घेराबंदी कर धर दबोचा।
आरोपी की पहचान और कार्रवाई
पकड़े गए आरोपी की पहचान विक्की डहरिया (उम्र 23 वर्ष), पिता तीतऊ राम डहरिया, निवासी इंद्रपुरी हिरी माइंस, चकरभाठा के रूप में हुई है। पुलिसिया पूछताछ में आरोपी ने नाबालिग का अपहरण करने और उसके साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम देना स्वीकार किया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।


