निरंकारी मिशन द्वारा ‘स्वच्छ जल-स्वच्छ मन’ अभियान के तहत तालाब की सफाई
चकरभाठा/बोदरी: संत निरंकारी मिशन के पूर्व सद्गुरु बाबा हरदेव सिंह जी महाराज के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में, उनके आह्वान “स्वच्छ जल-स्वच्छ मन” को चरितार्थ करते हुए चकरभाठा-बोदरी क्षेत्र में भव्य स्वच्छता अभियान चलाया गया। विगत 6-7 वर्षों की परंपरा को निरंतर रखते हुए, इस वर्ष भी स्थानीय तालाब की व्यापक साफ-सफाई की गई।

श्रमदान से दिया स्वच्छता का संदेश
रविवार सुबह 8 बजे से दोपहर 12 बजे तक चले इस विशेष अभियान में सेवादल के सदस्यों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने पूरे उत्साह के साथ हिस्सा लिया। भारी मात्रा में जलकुंभी, प्लास्टिक कचरा और अन्य अपशिष्ट पदार्थों को तालाब से बाहर निकाला गया। इस दौरान यह संदेश प्रसारित किया गया कि जिस प्रकार शरीर की शुद्धि के लिए स्वच्छ जल आवश्यक है, उसी प्रकार जीवन की सार्थकता के लिए मन का स्वच्छ होना भी अनिवार्य है।
प्रमुख उपस्थिति एवं सहभागिता
कार्यक्रम का नेतृत्व चकरभाठा ब्रांच के ब्रांच मुखी श्री पवन हासवानी एवं सेवादल के दीपक नारवानी ने किया। अभियान को बल देने के लिए नगर पालिका अध्यक्ष पति विजय वर्मा, वार्ड क्रमांक 8 के पार्षद एवं सभापति श्याम आर्य (गुड्डू), तथा वार्ड क्रमांक 7 के सभापति आशिष खत्री विशेष रूप से उपस्थित रहे।
इसके अतिरिक्त प्रकाश फोटानी, किशोर सजनानी सहित समस्त सेवादल और साध-संगत के सैकड़ों सदस्यों ने कड़कड़ाती धूप की परवाह किए बिना तन-मन से श्रमदान किया।

ब्रांच मुखी का संदेश
इस अवसर पर ब्रांच मुखी पवन हासवानी ने कहा, “सद्गुरु बाबा हरदेव सिंह जी का विजन था कि प्रदूषण चाहे बाहर हो या मन के अंदर, दोनों ही हानिकारक हैं। ‘स्वच्छ जल स्वच्छ मन’ का यह सिद्धांत आने वाले समय में भी कायम रहेगा। हमारा लक्ष्य केवल एक दिन की सफाई नहीं, बल्कि जन-जागरूकता फैलाना है ताकि हमारी जल संरचनाएं सुरक्षित रह सकें।”
नगर के जनप्रतिनिधियों ने निरंकारी मिशन के इस निस्वार्थ सेवा भाव की भूरि-भूरि प्रशंसा की और समाज के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को अनुकरणीय बताया।



