रामलला दर्शन: आस्था के सैलाब के बीच कुछ ही घंटों में 1008 सीटें फुल, हनुमान जी के नाम हुई पहली बुकिंग
बिलासपुर के पुलिस मैदान में उमड़ा जनसैलाब, तृतीय वर्ष की यात्रा के लिए 5000 से अधिक श्रद्धालुओं ने दिखाई रुचि।
25 मार्च को 25 एसी बसों और 10 कारों के काफिले के साथ अयोध्या धाम रवाना होंगे 1008 रामभक्त।

बिलासपुर:अयोध्या धाम में विराजित प्रभु श्री रामलला के दर्शन की अभिलाषा लिए रविवार को बिलासपुर के सिविल लाइन स्थित पुलिस मैदान में श्रद्धा का अभूतपूर्व नजारा देखने को मिला। रामनवमी के पावन अवसर पर आयोजित होने वाली इस निशुल्क अयोध्या यात्रा के पंजीयन हेतु भक्तों का उत्साह ऐसा था कि रविवार रात 3 बजे से ही मैदान में कतारें लगनी शुरू हो गई थीं। सुबह काउंटर खुलते ही ‘जय श्री राम’ के उद्घोष के साथ महज कुछ ही घंटों के भीतर निर्धारित 1008 सीटों का पंजीयन पूर्ण हो गया।

इस आयोजन में मुख्य अतिथि के रूप में बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक एवं विशेष अतिथि के रूप में जिला कलेक्टर संजय अग्रवाल उपस्थित रहे। यात्रा की सबसे अनूठी बात यह रही कि पहली बुकिंग वीर हनुमान जी के नाम पर दर्ज की गई। परंपरा और श्रद्धा के अनुसार, यात्रा की पहली बस की पहली सीट पर हनुमान जी विराजेंगे।

व्यवस्था और पंजीयन प्रक्रिया
भीड़ को नियंत्रित करने और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए आयोजन समिति ने ‘पहले आओ-पहले पाओ’ की तर्ज पर सुबह 7:30 बजे से ही टोकन वितरण शुरू कर दिया था। पुलिस मैदान में 20 विशेष काउंटर बनाए गए थे, जहाँ समाजसेवी और यात्रा संयोजक प्रवीण झा अपनी पूरी टीम के साथ व्यवस्था संभालते नजर आए।

यात्रा के लिए कड़े नियम निर्धारित किए गए थे:
आयु सीमा: 18 से 65 वर्ष।
स्वास्थ्य: श्रद्धालु का पूर्णतः स्वस्थ होना अनिवार्य।
दस्तावेज: स्वयं की उपस्थिति के साथ दो पासपोर्ट फोटो और आधार कार्ड की छायाप्रति। प्रति परिवार: एक परिवार से अधिकतम दो व्यक्तियों को ही अनुमति दी गई।

आस्था के रंग में रंगा शहर
दोपहर 12 बजे तक पुलिस मैदान रामभक्तों से खचाखच भरा रहा। इस वर्ष यात्रा के प्रति इतनी उत्सुकता देखी गई कि रिकॉर्ड 5000 से अधिक इंक्वायरी दर्ज की गई। महिलाओं और बुजुर्गों में विशेष उत्साह देखा गया। समिति के सदस्यों—प्रदीप झा, राम प्रताप सिंह, अमरेंद्र कंठ, ललित पुजारा सहित पूरी टीम ने देर तक डटे श्रद्धालुओं की सुविधाओं का ध्यान रखा।
25 मार्च को होगा प्रस्थान
आगामी 26 मार्च को रामनवमी है। उत्सव से एक दिन पूर्व, यानी 25 मार्च को सुबह 11 बजे, 25 एसी बसों और 10 कारों का विशाल जत्था पुलिस ग्राउंड से अयोध्या धाम के लिए रवाना होगा। सभी 1008 यात्रियों को निर्धारित वाहनों में ही स्थान दिया जाएगा। बिना पूर्व पंजीयन के किसी भी व्यक्ति को यात्रा में शामिल होने की अनुमति नहीं होगी।


