बिलासपुर पुलिस की बड़ी कार्यवाही: आईपीएल मैच पर ऑनलाइन सट्टा खिलाते 03 आरोपी गिरफ्तार
सिरगिट्टी पुलिस और ACCU टीम ने चलती कार में सट्टा खिलाते गिरोह को दबोचा, ₹17 लाख का मशरूका जप्त
बिलासपुर:जिले में जुआ और ऑनलाइन सट्टे के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत बिलासपुर पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह (भा.पु.से.) के कड़े निर्देशानुसार, सिरगिट्टी पुलिस और ए.सी.सी.यू. (ACCU) की संयुक्त टीम ने आईपीएल मैच पर हार-जीत का दांव लगवाते हुए तीन आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।

घटना का विवरण
मुखबिर से सटीक सूचना प्राप्त हुई कि गुम्बर पेट्रोल पंप के पास एक सफेद रंग की क्रेटा कार (CG10BD8888) में सवार कुछ व्यक्ति लगातार अपना स्थान बदल-बदलकर मोबाइल के माध्यम से ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालित कर रहे हैं। सूचना की गंभीरता को देखते हुए तत्काल घेराबंदी की गई और संदिग्ध वाहन को रोका गया।

वाहन की जांच करने पर कार के भीतर तीन व्यक्ति मोबाइल के माध्यम से व्हाट्सएप आईडी का उपयोग कर सट्टा खिलाते पाए गए। कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार किया। उनके मोबाइल खंगालने पर सट्टे के लेन-देन का विस्तृत विवरण भी प्राप्त हुआ है।
गिरफ्तार आरोपीगण:
रामेश्वर गुप्ता उर्फ दउवा (40 वर्ष), निवासी: गनियारी, थाना कोटा।
दीपचंद सोनकर उर्फ चिंटू (32 वर्ष), निवासी: देवरी खुर्द, थाना तोरवा।
सीताराम साहू (36 वर्ष), निवासी: सिरगिट्टी, बिलासपुर।
जप्ती का विवरण:
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से भारी मात्रा में नगदी और संपत्ति बरामद की है:
नगदी रकम: ₹5,01,300/- (पांच लाख एक हजार तीन सौ रुपये)
मोबाइल फोन: 04 नग (सट्टा विवरण युक्त)
वाहन: 01 सफेद क्रेटा कार (कीमत लगभग ₹10,00,000/-)
कुल जुमला कीमती: लगभग ₹17,00,000/-
कानूनी कार्यवाही:
आरोपियों के विरुद्ध बी.एन.एस. (BNS) की धारा 7(2) एवं 112 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। आरोपियों को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहाँ से उन्हें न्यायिक रिमाण्ड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस अन्य थाना क्षेत्रों में भी इनके नेटवर्क की जांच कर रही है।
विशेष भूमिका: इस सफल कार्यवाही में थाना प्रभारी सिरगिट्टी एवं ए.सी.सी.यू. प्रभारी सहित उनकी पूरी टीम का विशेष योगदान रहा।


