बिलासपुर: फरार आरोपी को पकड़ने गई पुलिस टीम पर हमला, बेटा और भतीजा गिरफ्तार”
बिलासपुर:पुलिस अधीक्षक बिलासपुर के निर्देशानुसार अपराधियों की धरपकड़ हेतु चलाए जा रहे अभियान के तहत, थाना तोरवा पुलिस ने शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
दिनांक 14.04.2026 को थाना मस्तूरी के अपराध क्रमांक 736/2025 (धारा 109(1), 3(5) BNS एवं 25, 27 आर्म्स एक्ट) के मुख्य आरोपी नागेन्द्र राय की तलाश में पुलिस टीम ने उसके निवास स्थान लालखदान (तोरवा) में दबिश दी थी।

कार्यवाही के दौरान, आरोपी के परिजनों से दरवाजा खोलकर तलाशी में सहयोग करने का अनुरोध किया गया। परिजनों द्वारा काफी देर तक सहयोग से इनकार किया गया और दरवाजा देरी से खोला गया। तलाशी के दौरान नागेन्द्र राय का पुत्र और भतीजा पुलिस बल के साथ उग्र हो गए। उन्होंने पुलिस टीम के साथ अभद्र व्यवहार करते हुए झूमा-झपटी की और शासकीय कार्य में गंभीर बाधा उत्पन्न की।
उद्याचल राय पिता नागेन्द्र राय (उम्र 33 वर्ष), निवासी: राजवंश भवन, लालखदान।
सुब्रत राय पिता अश्वनी राय (उम्र 27 वर्ष), निवासी: राजवंश भवन, लालखदान।
आरोपियों के उक्त कृत्य पर थाना तोरवा में अपराध क्रमांक 191/2026 के तहत मामला पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। विवेचना के उपरांत, दोनों आरोपियों को दिनांक 15.04.2026 को विधिवत गिरफ्तार किया गया, जिन्हें माननीय न्यायालय के समक्ष पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।


