10 वर्षीय नाबालिग से दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तार; ड्रोन की मदद से जंगल में घेराबंदी कर पुलिस ने दबोचा
बिलासपुर:चौकी बेलगहना पुलिस ने 10 वर्षीय नाबालिग बालिका से दुष्कर्म के आरोपी को घटना के चंद घंटों के भीतर गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी के विरुद्ध धारा 64 (बीएनएस) और 4, 6 पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपी का नाम रंजीत यादव उर्फ दउआ (20 वर्ष), निवासी सक्तीबहरा है।

घटना का विवरण:
दिनांक 23.05.2026 की शाम आरोपी रंजीत यादव पीड़िता को घुमाने का झांसा देकर अपनी मोटरसाइकिल पर ले गया और सक्तीबहरा के एक सुनसान खेत में उसके साथ जबरन अनाचार किया। अगली सुबह आरोपी ने पीड़िता को घर छोड़ दिया। परिजनों के पूछने पर पीड़िता ने आपबीती बताई, जिसके बाद 24.05.2026 को थाना कोटा में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई:
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह के निर्देशन एवं उच्चाधिकारियों के मार्गदर्शन में बेलगहना पुलिस ने तत्काल विवेचना शुरू की। कार्रवाई के दौरान आरोपी पुलिस को चकमा देकर घने जंगलों की ओर भाग गया। विस्तृत जंगल होने के कारण पुलिस ने ड्रोन कैमरे की मदद ली और आरोपी को चारों तरफ से घेरकर धर दबोचा। अपराध में प्रयुक्त मोटरसाइकिल को जब्त कर आरोपी को आज दिनांक 25.05.2026 को विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया है। इस त्वरित कार्रवाई में बेलगहना चौकी स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा।


