ऑनलाइन सट्टे के खिलाफ बिलासपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: ‘खिलाड़ी बुक’ पैनल चलाने वाले 4 आरोपी गिरफ्तार, ₹22.63 लाख का माल जप्त
बिलासपुर। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में जुआ और सट्टा माफियाओं के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बिलासपुर पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना सिविल लाईन पुलिस ने “खिलाड़ी बुक” नामक ऑनलाइन पैनल के माध्यम से विभिन्न खेलों पर सट्टा खिलाने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों और एक विधि से संघर्षरत बालक को गिरफ्तार किया है।

दिनांक 24.05.2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि मंगला स्थित एचडीएफसी बैंक के पास कुछ लोग मोबाइल के जरिए ऑनलाइन सट्टा संचालित कर रहे हैं। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए सिविल लाईन पुलिस ने घेराबंदी कर मुख्य आरोपी संतोष जसवानी और करन श्रीवास को रंगे हाथों पकड़ा। जांच में सामने आया कि सट्टे की अवैध रकम को आगे ठिकाने लगाने का काम आशीष जसवानी द्वारा किया जा रहा था, जिसके बाद पुलिस ने उसे भी गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से भारी मात्रा में सामग्री जप्त की है, जिसकी कुल कीमत ₹22,63,000/- (बाईस लाख तिरेसठ हजार रुपये) आंकी गई है:
नगदी रकम: ₹13,48,000/-गैजेट्स: 05 नग मोबाइल फोन बैंकिंग दस्तावेज: विभिन्न बैंकों के 27 नग एटीएम कार्ड
वाहन: एक टाटा कार और एक स्कूटी
फरार आरोपियों के खिलाफ लुक आउट सर्कुलर जारी
पकड़े गए आरोपियों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 702/2026, धारा 7(2) छ.ग. जुआ प्रतिषेध अधिनियम एवं धारा 112 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
इस गिरोह से जुड़े बड़े और मुख्य फरार सटोरियों—रोहित पंजवानी, सागर चेतवानी और राज चेतानी—की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। बिलासपुर पुलिस द्वारा इन तीनों फरार आरोपियों के खिलाफ लुक आउट सर्कुलर (LOC) भी जारी करा दिया गया है ताकि वे देश छोड़कर भाग न सकें। पुलिस मामले की आगे की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है।


