ब्युरो रिपोट उमाशंकर शुक्ला
विश्व पर्यावरण दिवस अभियान-2026” के अंतर्गत मंडल में विभिन्न गतिविधियों का आयोजन
एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत व्यापक वृक्षारोपण एवं स्वच्छता कार्यक्रम आयोजित । रेलवे कॉलोनियों से स्टेशनों तक चला हरित अभियान, बच्चों ने योग से दिया स्वस्थ जीवन का संदेश ।

बिलासपुर – 28 मई 2026 दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के बिलासपुर मंडल द्वारा “विश्व पर्यावरण दिवस अभियान-2026” (15 मई से 5 जून 2026) के अंतर्गत पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता एवं जन-जागरूकता को बढ़ावा देने हेतु विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है।
इसी क्रम में 27 मई 2026 को मंडल के सभी विभागों के समन्वय से कार्यालय परिसरों, रेलवे कॉलोनियों, विद्यालयों एवं आसपास के क्षेत्रों में “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत व्यापक वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया।

अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण एवं हरित जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया तथा लगाए गए पौधों के संरक्षण एवं नियमित देखभाल का संकल्प लिया।
मंडल के बिलासपुर, चाम्पा, रायगढ़, कोरबा, अनूपपुर, शहडोल, उमरिया सहित सभी प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर वृक्षारोपण एवं हरितीकरण संबंधी गतिविधियाँ संचालित की गईं। इसके साथ ही रेलवे कॉलोनियों एवं पार्कों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाकर सार्वजनिक सुविधाओं की साफ-सफाई एवं रख-रखाव सुनिश्चित किया गया।

आज दिनांक 28 मई 2026 को मंडल के नॉर्थ इंस्टीट्यूट, बिलासपुर में बच्चों द्वारा उत्साहपूर्वक योग कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बच्चों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता करते हुए योग के विभिन्न आसनों का प्रदर्शन किया तथा नियमित योग, शारीरिक सक्रियता एवं मानसिक स्वास्थ्य के महत्व का संदेश दिया। इस प्रेरणादायक आयोजन ने स्वस्थ, अनुशासित एवं पर्यावरण अनुकूल जीवनशैली अपनाने के प्रति जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
यह पहल पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छ, स्वस्थ तथा हरित भविष्य के निर्माण के प्रति बिलासपुर मंडल की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।


