सरकंडा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: अवैध हथियार लहराकर दहशत फैलाने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, तलवार और चापड़ जब्त
बिलासपुर:वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में असामाजिक तत्वों और अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना सरकंडा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग मामलों में दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक धारदार तलवार और एक चापड़ बरामद कर उनके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत सख्त कार्रवाई की है।

मुखबिर की सूचना पर त्वरित घेराबंदी
दिनांक 27.05.2026 को सरकंडा पुलिस को मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली कि रामायण चौक और पटवारी प्रशिक्षण केंद्र के पास मेन रोड पर कुछ युवक हाथ में घातक हथियार लहरा रहे हैं। ये आरोपी वहां से गुजरने वाले राहगीरों, महिलाओं और बच्चों को डरा-धमका रहे थे और सरेराह गाली-गलौज कर इलाके में दहशत का माहौल बना रहे थे। सूचना मिलते ही सरकंडा पुलिस ने बिना वक्त गंवाए तत्काल मौके पर पहुंचकर सूझबूझ से घेराबंदी की और दोनों आरोपियों को धर दबोचा।
गिरफ्तार आरोपियों का विवरण:
मोहम्मद बाबू अंसारी उर्फ करीम (उम्र 21 वर्ष), पिता: मो. मंसूर अंसारी, निवासी: चांटीडीह रामायण चौक, सरकंडा।
राजा ठाकुर (उम्र 24 वर्ष), पिता: स्व. रामनिहोर, निवासी: सूर्या चौक चिंगराजपारा, सरकंडा।
न्यायिक रिमांड पर भेजे गए जेल
पुलिस ने आरोपियों के पास से अवैध हथियार जब्त कर उनके विरुद्ध धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है। गिरफ्तारी के बाद दोनों आरोपियों को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से न्यायालय के आदेश पर उन्हें न्यायिक रिमांड हासिल कर जेल दाखिल कर दिया गया है।
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका:
इस त्वरित और प्रभावी कार्रवाई में थाना प्रभारी सरकंडा के नेतृत्व में पुलिस टीम के सहायक उप निरीक्षक विदेशीराम साहू, शैलेन्द्र सिंह, आरक्षक रंतिज खांडे, वीरेन्द्र साहू, विवेक राय और संजीव जांगड़े की विशेष व सराहनीय भूमिका रही।


