हत्या की साजिश रचने और हथियार सप्लाई करने वाला ओडिशा का फरार आरोपी 5 साल बाद गिरफ्तार
बिलासपुर:थाना सरकंडा और चौकी मोपका पुलिस की संयुक्त टीम ने हत्या की नियत से अवैध हथियार उपलब्ध कराने वाले और लंबे समय से फरार चल रहे मुख्य साजिशकर्ता कुंदन सागर को ओडिशा से गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।

मामले का विवरण:
दिनांक 23 अक्टूबर 2021 को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने बंगाली पारा के पास घेराबंदी कर आरोपी सुमेश कश्यप, रॉकी उर्फ करण और किशन कश्यप को दबोचा था। आरोपियों के कब्जे से एक देशी कट्टा और कारतूस बरामद किया गया था। पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपियों ने पुरानी रंजिश के कारण मोंटी कश्यप की हत्या की योजना बनाई थी। इस वारदात को अंजाम देने के लिए ओडिशा निवासी आरोपी कुंदन सागर ने उन्हें देशी कट्टा और कारतूस सप्लाई किए थे।
पूर्व में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में चालान पेश किया जा चुका है, जबकि हथियार सप्लायर कुंदन सागर घटना के बाद से ही फरार था। पुलिस टीम ने अथक प्रयास कर आरोपी को उसके गृह राज्य ओडिशा से धर दबोचा। आरोपी को बिलासपुर लाकर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।


