बिलासपुर के व्यापार विहार में दिनदहाड़े व्यापारी से 3 लाख रुपये की लूट, जांच में जुटी पुलिस
बिलासपुर: जिले के थाना तारबाहर अंतर्गत व्यापार विहार थोक मंडी क्षेत्र में आज दिनदहाड़े अज्ञात बाइक सवार बदमाशों द्वारा एक व्यापारी से करीब 3 लाख रुपये से भरा बैग लूटने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम का गठन कर नाकेबंदी कर दी है।

घटना का विवरण:
जांजगीर जिले के नवागढ़ निवासी कृषि उपज व्यापारी उमेश कुमार साहू व्यापारिक खरीदारी के सिलसिले में बिलासपुर के व्यापार विहार आए थे। वे लहसुन, मिर्च और आलू आदि की खरीदी के लिए नकद रकम लेकर बाजार पहुंचे थे। खरीदारी के दौरान अंडा चौक के पास घात लगाए अज्ञात बदमाशों ने अचानक उनके हाथ से रुपयों से भरा बैग छीन लिया और मोटरसाइकिल पर तेज रफ्तार से फरार हो गए।
पुलिसिया कार्रवाई:
घटना की सूचना मिलते ही तारबाहर पुलिस बल तुरंत मौके पर पहुंचा। प्रारंभिक जांच के अनुसार, बैग में लगभग 3 लाख रुपये नकद थे। पुलिस ने शहर के संवेदनशील मार्गों पर नाकेबंदी कर दी है। आरोपियों की धरपकड़ के लिए घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से संदिग्धों की तलाश जारी है। पुलिस अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा


