राइस मिल से धान चोरी का 24 घंटे में खुलासा, 04 आरोपी गिरफ्तार
रायपुर, 14 जून 2026:
रायपुर ग्रामीण पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए तिल्दा स्थित एक राइस मिल में हुई धान की चोरी का महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में 4 शातिर आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी का धान और घटना में इस्तेमाल किए गए दो पिकअप वाहन जप्त किए हैं। जप्त की गई कुल संपत्ति की कीमत लगभग 10,82,740 रुपये आंकी गई है।

घटना का विवरण
प्रार्थी दीनानाथ अग्रवाल ने 13 जून को थाना तिल्दा-नेवरा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 12-13 जून की दरम्यानी रात अज्ञात चोरों ने उनकी ‘कृष्णा राइस मिल’ का ताला तोड़कर धान चोरी कर लिया है। शिकायत पर पुलिस ने बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस की कार्रवाई और गिरफ्तारी
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ग्रामीण श्रीमती श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिरों और सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद तिल्दा-नेवरा निवासी चार आरोपियों—परवाना देवार (21 वर्ष), जितेन्द्र निषाद (21 वर्ष), रजत वर्मा (25 वर्ष) और सब्बी अग्रवाल उर्फ रमेश कुमार (39 वर्ष) को हिरासत में लिया।
कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी के 108 कट्टा धान सहित घटना में प्रयुक्त टाटा एस वाहन (क्र. CG 25 AU 7682) और पिकअप (क्र. CG 04 PD 8673) को बरामद कर आरोपियों को जेल भेज दिया है।


