सकरी पुलिस की त्वरित कार्रवाई: मारपीट का आरोपी गिरफ्तार, मानसिक स्थिति असामान्य होने की आशंका
बिलासपुर:थाना सकरी क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम अमेरी में राहगीर पर चाकू से हमला करने वाले आरोपी को पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए गिरफ्तार कर लिया है।
घटना के अनुसार, आरोपी सत्य प्रकाश सुनहरे रास्ते पर खड़े होकर गाली-गलौज कर रहा था। इसी दौरान वहां से गुजर रहे रमेश गेंदले के साथ आरोपी का विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने घरेलू उपयोग के चाकू से रमेश पर हमला कर उसे घायल कर दिया। वारदात के बाद भागने की कोशिश में आरोपी स्वयं भी गिरकर चोटिल हो गया।

सूचना मिलते ही सकरी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को अभिरक्षा में लेकर विधिवत गिरफ्तार किया। थाना लाए जाने के बाद से ही आरोपी का व्यवहार अत्यंत असामान्य है और वह पूछताछ में सीधे उत्तर नहीं दे रहा है। स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी मानसिक रूप से विक्षिप्त (अस्वस्थ) बताया जा रहा है। जांच में आरोपी का कोई पुराना आपराधिक रिकॉर्ड नहीं मिला है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 588/2026, भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 108 और 296 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।



