मल्हार पुलिस की त्वरित कार्रवाई: कैंची से जानलेवा हमला करने वाला आरोपी गिरफ्तार, भेजा गया जेल
मस्तूरी/मल्हार:पुलिस ने आपसी विवाद में कैंची से जानलेवा हमला करने वाले एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहाँ से उसे जेल दाखिल कर दिया गया है।
मामले का विवरण:
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी रूपचंद केवट (निवासी मल्हार) ने चौकी मल्हार (थाना मस्तूरी) में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 4 मई 2026 को नारियल की खरीदी-बिक्री को लेकर उनका विवाद हुआ था। विवाद बढ़ने पर आरोपी ज्ञान उर्फ लक्की श्रीवास (उम्र 23 वर्ष, निवासी मेला चौक मल्हार) ने अपनी सैलून दुकान में रखी कैंची से प्रार्थी के भाई रूपेश और पिता मनहरण केवट पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस हमले में दोनों बुरी तरह घायल हो गए थे।

पुलिस कार्रवाई:
प्रार्थी की शिकायत पर पुलिस ने तत्काल अपराध पंजीबद्ध कर मामले को विवेचना में लिया। डॉक्टरी मुलाहिजा और विवेचना के दौरान आहतों को आई चोटों की गंभीरता को देखते हुए मामले में गंभीर धाराओं का विस्तार किया गया। इसके बाद मल्हार पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी ज्ञान उर्फ लक्की श्रीवास को धरदबोचा। आरोपी को न्यायालय के आदेशानुसार न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।



