खेत समतलीकरण के नाम पर 9 लाख की धोखाधड़ी करने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह के 6 आरोपी गिरफ्तार
रतनपुर के बकरी चोरी मामले में पहले से बंद आरोपियों को कोटा पुलिस ने प्रोडक्शन वारंट पर लिया।
आरोपियों से धोखाधड़ी की शत-प्रतिशत रकम (9 लाख रुपये) बरामद।
बिलासपुर:वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह (भा.पु.से.) के निर्देशन में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोटा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने खेत समतलीकरण (लेवलिंग) के नाम पर एक किसान से 9 लाख रुपये की ठगी और जबरन वसूली करने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह के 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
मामले का विवरण इस प्रकार है कि प्रार्थी रामनारायण पोर्ते (निवासी श्रीपारा, कोटा) ने शिकायत दर्ज कराई थी कि अज्ञात व्यक्तियों ने उनके खेत को समतल करने का झांसा देकर 9,00,000 रुपये की धोखाधड़ी की और रकम वसूल कर फरार हो गए। शिकायत पर कोटा पुलिस ने अपराध क्रमांक 524/2026 के तहत बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया था।

विवेचना के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि उक्त हुलिये के संदेही आरोपी थाना रतनपुर के एक बकरी चोरी के मामले में पहले से जेल में बंद हैं। इस पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण श्रीमती मधुलिका सिंह एवं एसडीओपी कोटा श्रीमती नुपूर उपाध्याय के मार्गदर्शन में कोटा पुलिस ने माननीय न्यायालय से आरोपियों का प्रोडक्शन वारंट हासिल किया।
कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया, जिसके बाद उनसे ठगी के पूरे 9 लाख रुपये जब्त किए गए। गिरफ्तार आरोपियों में बबलू खान (57 वर्ष), अमूर खान (66 वर्ष), अमीन खान (41 वर्ष), हबीब खान (35 वर्ष), शाहरुख खान (22 वर्ष)—सभी निवासी जबलपुर (म.प्र.) और मोहम्मद अच्छन (33 वर्ष, निवासी अमरोहा, उ.प्र.) शामिल हैं। आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
इस त्वरित व सफल कार्यवाही में प्रशिक्षु उप पुलिस अधीक्षक आकाश चौधरी, एएसआई गोपाल खांडेकर, प्रधान आरक्षक सत्य प्रकाश यादव, आरक्षक अनिल साहू, शैलेंद्र साहू और सुनील पटेल की सराहनीय भूमिका रही।
