खाकी का एक्शन: कोटा पुलिस और ACCU ने चंद घंटों में ढहाया ‘घर का भेदी’, 25 लाख का माल बरामद
बिलासपुर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह (भा.पु.से.) के निर्देशन में चलाए जा रहे अपराध नियंत्रण अभियान के तहत कोटा पुलिस और ACCU टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए चोरी के एक बड़े मामले का महज़ कुछ ही घंटों में भंडाफोड़ कर दिया है।
दिनांक 18.07.2026 को मौहारखार निवासी प्रार्थी ने फोन पर सूचना दी कि उनके सूने घर से अज्ञात चोर ने करीब 25 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात पार कर दिए हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई की। तकनीकी अनुसंधान और सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर चौंकाने वाला तथ्य सामने आया कि चोरी किसी बाहरी ने नहीं, बल्कि प्रार्थी के सगे नाती ने ही की थी।
संकेत मिलने पर पुलिस ने संदेही नाती को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की, जिसके बाद उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर शत-प्रतिशत मशरूका (02 मंगलसूत्र, 01 नेकलेस, झुमके, 11 जोड़ी पायल, करधन, बिछिया व चांदी के सिक्कों समेत कुल 25 लाख के आभूषण) बरामद कर लिए हैं।
मामला पूरी तरह पारिवारिक होने और आरोपी के नाती निकलने के कारण, प्रार्थी एवं परिजनों ने आपसी सहमति से थाने में कानूनी अपराध पंजीबद्ध कराने से इनकार कर दिया। परिजनों ने स्टाम्प पेपर पर लिखित में आगे कोई कानूनी कार्रवाई न चाहने का अनुरोध किया, जिसके बाद मामला रफा-दफा हुआ।



