रतनपुर पुलिस की त्वरित कार्रवाई, हत्या के दो आरोपी चंद घंटों में गिरफ्तार
बिलासपुर (छत्तीसगढ़)।रतनपुर थाना पुलिस ने नशे की हालत में मामूली विवाद पर एक युवक की ईंट और चाकू से वार कर निर्मम हत्या करने वाले दो आरोपियों को चंद घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया है।

घटना 19 जुलाई 2026 की है। ग्राम अकलतरी निवासी प्रार्थी विशाल कश्यप की रिपोर्ट के अनुसार, आरोपी सुधीर सोनवानी (27 वर्ष) और अमित उर्फ अनिश सोनवानी (18 वर्ष) ने शराब के नशे में पुरानी बात को लेकर प्रार्थी और उसके दोस्त इंद्रप्रकाश उर्फ गोलू के साथ विवाद किया। आरोपियों ने पहले प्रार्थी पर लोहे के पाइप से हमला किया। जान बचाने के लिए जब इंद्रप्रकाश अपने घर भागा, तो आरोपियों ने उसका पीछा किया और घर की दीवार फांदकर छत पर चढ़ गए। वहां आरोपियों ने ईंट व चाकू से ताबड़तोड़ प्राणघातक हमला कर इंद्रप्रकाश की हत्या कर दी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी निलेश पाण्डेय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई की। पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों आरोपियों—सुधीर सोनवानी और अमित सोनवानी को उनके घर से धर दबोचा। आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। इस सफल कार्रवाई में उपनिरीक्षक विष्णु यादव, सहायक उपनिरीक्षक संतोष पात्रे और आरक्षक पवन ठाकुर की मुख्य भूमिका रही।



