संवाददाता उमा खरे की रिपोट
अकलतरी गाँव में युवक की बेरहमी से हत्या, पुलिस ने चंद घंटों में दो आरोपियों को लिया हिरासत में
बिलासपुर थाना रतनपुर के अंतर्गत आने वाले ग्राम अकलतरी में एक युवक की निर्मम हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए घटना के चंद घंटों के भीतर ही दोनों नामजद आरोपियों को हिरासत में ले लिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक इंद्रप्रकाश उर्फ गोलू भार्गव (पिता स्व. सारधा भार्गव, उम्र 35 वर्ष, निवासी नीम चौक अकलतरी) का शव उसके अपने ही घर की छत पर लहूलुहान हालत में मिला। मृतक के सिर और चेहरे पर गंभीर चोट के निशान हैं। पुलिस को घटनास्थल से हत्या में प्रयुक्त ईंट और एक धारदार हंसिया बरामद हुआ है।
आरोपियों की गिरफ्तारी
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गाँव के ही दो युवकों को हिरासत में लिया है:
- अमित कुमार सोनवानी (पिता सुरेश, उम्र 19 वर्ष)
- सुधीर सोनवानी (पिता दिलेश, उम्र 26 वर्ष)
- पुलिस बयान: “प्रारंभिक पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अत्यधिक नशे की हालत में होना स्वीकार किया है। उन्होंने बताया कि मृतक गोलू भार्गव उनके घर के सामने गाली-गलौज कर रहा था, जिससे गुस्सा कर उन्होंने छत पर ले जाकर इस वारदात को अंजाम दिया। फिलहाल दोनों आरोपी गहरे नशे में हैं, होश में आने पर घटना के विस्तृत कारणों के संबंध में आगे की पूछताछ की जाएगी।”
मामले में मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।



