नगर पालिका परिषद बोदरी के नवनियुक्त एल्डरमैनों का शपथ ग्रहण समारोह संपन्न

बोदरी, 20 जुलाई। नगर पालिका परिषद बोदरी में लंबे समय से प्रतीक्षित एल्डरमैनों की नियुक्ति के उपरांत सोमवार को दानवीर भामाशाह साहू भवन में गरिमामय शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। समारोह में नवनियुक्त एल्डरमैन सुनील मलघानी कट्टी, बलदेव गिरी गोस्वामी, घासी श्रीवास, देवेंद्र कौशिक (पांडू) एवं ज्योति कुलदीप ने पद एवं गोपनीयता की शपथ ग्रहण की।


मुख्य अतिथि पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं बिल्हा विधानसभा विधायक श्री धरमलाल कौशिक तथा विशिष्ट अतिथि क्रेडा अध्यक्ष, छत्तीसगढ़ शासन श्री भूपेंद्र सवन्नी की गरिमामयी उपस्थिति में कार्यक्रम संपन्न हुआ। SDM आकांक्षा त्रिपाठी ने सभी नवनियुक्त एल्डरमैनों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।

इस अवसर पर श्री धरमलाल कौशिक ने कहा कि जनप्रतिनिधियों का दायित्व केवल पद ग्रहण करना नहीं, बल्कि जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरते हुए ईमानदारी, पारदर्शिता एवं समर्पण के साथ नगर के विकास को नई दिशा देना है। उन्होंने सभी नवनियुक्त एल्डरमैनों को शुभकामनाएँ देते हुए जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आह्वान किया। वहीं विशिष्ट अतिथि श्री भूपेंद्र सवन्नी ने भी सभी एल्डरमैनों को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि प्रदेश सरकार नगरों के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है तथा जनप्रतिनिधियों के सहयोग से विकास कार्यों को और अधिक गति मिलेगी।
एल्डरमैनों की नियुक्ति के बाद नगर पालिका परिषद बोदरी में उत्साह का वातावरण देखने को मिला। विशेष रूप से सिंधी समाज में सुनील मलघानी कट्टी के एल्डरमैन बनने पर हर्ष की लहर रही। नगर के विभिन्न स्थानों पर स्वागत द्वार, फ्लेक्स एवं बधाई बैनर लगाए गए तथा समर्थकों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर अपनी खुशी व्यक्त की।
शपथ ग्रहण के पश्चात श्री सुनील मलघानी कट्टी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने उन पर जो विश्वास व्यक्त किया है, उसके लिए वे हृदय से आभारी हैं। उन्होंने कहा कि वे नगर पालिका परिषद बोदरी की जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का हरसंभव प्रयास करेंगे तथा नगर की मूलभूत समस्याओं के समाधान, विकास कार्यों में तेजी और जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देंगे।
कार्यक्रम में नगर पालिका परिषद बोदरी की उपाध्यक्ष शिमला सुनील वर्मा, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष प्रत्याशी दिनेश पांडे, रजनीश पांडे, कुशल पांडे, अभिषेक तिवारी, संतोष साहू, दीपक वर्मा, बोदरी मंडल अध्यक्ष लव श्रीवास, पूर्व मंडल अध्यक्ष पेंगन वर्मा, पार्षद अतुल ध्रुव, फिरतू राम बनवारे, जोहित राम धुरी, लक्ष्मीनारायण मरावी, विष्णु साहू, सुरेश केवट, हीरालाल लोधी, मुकेश वाधवानी सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान सभी नवनियुक्त एल्डरमैनों का पुष्पगुच्छ एवं माल्यार्पण कर आत्मीय स्वागत किया गया। पूरे समारोह में उत्साहपूर्ण वातावरण बना रहा तथा उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों ने नगर के समग्र विकास एवं जनहित के कार्यों में नई ऊर्जा के साथ योगदान देने की अपेक्षा व्यक्त की। समारोह का समापन सभी अतिथियों एवं उपस्थित नागरिकों के प्रति आभार प्रदर्शन के साथ हुआ।



