लगातार बिजली कटौती से सिरगिट्टी में फूटा जनाक्रोश, वार्ड पार्षद इब्राहिम खान अब्दुल के नेतृत्व में बिजली कार्यालय का घेराव
गणेश नगर वार्ड क्रमांक 46 के रहवासियों ने सौंपा ज्ञापन, 5 से 7 घंटे तक बिजली बंद रहने का आरोप; शीघ्र समाधान नहीं होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी

बिलासपुर। सिरगिट्टी परिक्षेत्र में लगातार हो रही बिजली कटौती अब आम नागरिकों के लिए गंभीर परेशानी का कारण बन गई है। पहले जहां बिजली संकट ग्रामीण क्षेत्रों तक सीमित था, वहीं अब इसका असर शहर के वार्डों में भी स्पष्ट रूप से दिखाई देने लगा है। गणेश नगर वार्ड क्रमांक 46 में लगातार बिजली आपूर्ति बाधित होने से नाराज नागरिकों ने वार्ड पार्षद इब्राहिम खान (अब्दुल) के नेतृत्व में सिरगिट्टी विद्युत उपकेंद्र का घेराव कर अधिकारियों को ज्ञापन सौंपते हुए समस्या के शीघ्र एवं स्थायी समाधान की मांग की।

29 जुलाई 2026 को सौंपे गए ज्ञापन में वार्डवासियों ने उल्लेख किया है कि गणेश नगर वार्ड क्रमांक 46 में लंबे समय से बिजली कटौती की गंभीर समस्या बनी हुई है। कई दिनों से प्रतिदिन लगभग 5 से 7 घंटे तक बिजली बंद रहने के कारण भीषण गर्मी और उमस में लोगों का जीवन प्रभावित हो रहा है। बच्चों की पढ़ाई बाधित हो रही है, वहीं बुजुर्गों, बीमार व्यक्तियों तथा आम नागरिकों को भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

ज्ञापन में यह भी कहा गया है कि उपभोक्ता नियमित रूप से बिजली बिल का भुगतान करते हैं, इसके बावजूद उन्हें निर्बाध विद्युत आपूर्ति नहीं मिल पा रही है। वार्डवासियों ने विभाग से गणेश नगर में लगातार हो रही बिजली कटौती की समस्या का तत्काल स्थायी निराकरण करने की मांग की है।
प्रदर्शन के दौरान वार्ड पार्षद इब्राहिम खान (अब्दुल) ने कहा कि यदि जल्द ही समस्या का समाधान नहीं किया गया तो वार्डवासी उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे। प्रदर्शन में वार्ड के गणमान्य नागरिक, माताएं, बहनें, युवा एवं वरिष्ठजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
सिरगिट्टी बिजली कार्यालय के अधिकारियों द्वारा पूर्व में नयापारा गौरा चौरा के पीछे एवी (AV) स्विच स्थापित किया गया है, जिससे क्षेत्र में वर्तमान में कुछ राहत मिलने की बात कही जा रही है। इसके बावजूद गणेश नगर वार्ड क्रमांक 46 सहित आसपास के क्षेत्रों में बिजली कटौती की शिकायतें लगातार बनी हुई हैं।
सिरगिट्टी परिक्षेत्र में बीते 24 घंटों के दौरान भी कई बार बिजली आपूर्ति बाधित होने की शिकायतें सामने आईं। स्थानीय लोगों के अनुसार कई बार आधे से एक घंटे के अंतराल पर बिजली बंद होती रही, जबकि रात के समय लगभग चार घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित रहने से भीषण गर्मी और उमस के बीच लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
क्षेत्रवासियों का आरोप है कि बिजली बंद होने के कारणों की जानकारी लेने के लिए जब उपभोक्ताओं ने संबंधित अधिकारियों से संपर्क करने का प्रयास किया तो अधिकांश समय फोन रिसीव नहीं किए गए। नागरिकों का कहना है कि लगातार बिजली कटौती के कारण बच्चों की पढ़ाई, घरेलू कार्य, व्यापारिक गतिविधियां और दैनिक जीवन प्रभावित हो रहा है।
स्थानीय लोगों का यह भी कहना है कि हल्की हवा चलने पर भी बिजली आपूर्ति बाधित हो जाती है। जबकि प्रत्येक वर्ष मानसून से पहले बिजली व्यवस्था को सुचारु रखने के उद्देश्य से मेंटेनेंस कार्य किए जाने का दावा किया जाता है, लेकिन वर्तमान स्थिति को देखते हुए नागरिक इन व्यवस्थाओं पर सवाल उठा रहे हैं।
क्षेत्रवासियों ने बिजली विभाग से मांग की है कि विद्युत आपूर्ति व्यवस्था में शीघ्र सुधार करते हुए बार-बार होने वाली बिजली कटौती पर प्रभावी नियंत्रण किया जाए, ताकि लोगों को लगातार हो रही परेशानियों से राहत मिल सके।



