संवाददाता उमा खरे की रिपोट
ग्राम पंचायत दर्राभाठा के आश्रित ग्राम दवनडीह में आंगनबाड़ी भवन निर्माण के पैसों का आहरण, पर धरातल पर काम ठप—ग्रामीणों ने लगाया बड़े घोटाले का आरोप
दर्राभाठा / दवनडीह:ग्राम पंचायत दर्राभाठा के आश्रित गांव दवनडीह से पंचायत प्रशासन और सरपंच की कार्यप्रणाली पर गंभीर वित्तीय अनियमितताओं एवं भ्रष्टाचार के आरोप सामने आए हैं।

शासन द्वारा ग्राम दवनडीह में नए आंगनबाड़ी केंद्र के निर्माण कार्य हेतु कुल ₹6,40,000/- (छह लाख चालीस हजार रुपये) की राशि स्वीकृत कर जयरामनगर स्थित एक्सिस बैंक के खाता क्रमांक 915010043996863 में हस्तांतरित की गई थी।
बैंक खातों से उपलब्ध जानकारी के अनुसार, स्वीकृत राशि में से:
- 27 फरवरी 2026: चेक क्रमांक 107342 से ₹3,00,000/- निकाले गए।
- 27 फरवरी 2026: चेक क्रमांक 107343 से ₹2,00,000/- निकाले गए।
- 25 मई 2026: मजदूरी भुगतान के नाम पर ₹57,780/- का आहरण किया गया।
इस प्रकार लाखों रुपये बैंक खाते से आहरित कर लिए जाने के बावजूद, धरातल पर आंगनबाड़ी भवन का निर्माण कार्य आज दिनांक तक प्रारंभ ही नहीं किया गया है।
मासूम बच्चों के भविष्य और जीवन के साथ खिलवाड़
निर्माण कार्य रुकने के कारण वर्तमान में ग्राम दवनडीह के मासूम बच्चों को अत्यंत जर्जर एवं अत्यंत जर्जर भवन में बैठने पर मजबूर होना पड़ रहा है। किसी भी क्षण अप्रिय घटना या दुर्घटना होने की आशंका बनी हुई है, जिससे बच्चों की जान पर भारी खतरा मंडरा रहा है।
ग्रामीणों का स्पष्ट कहना है कि यदि सरपंच की नीयत साफ होती, तो स्वीकृत राशि का सही उपयोग कर अब तक एक सुरक्षित आंगनबाड़ी भवन बनकर तैयार हो चुका होता। निर्माण कार्य न कराकर राशि आहरित कर लेना साफ तौर पर निष्पक्षता और नीयत पर सवाल खड़े करता है।
सरपंच पर वित्तीय गड़बड़ी और पूर्व के अधूरे कार्यों के गंभीर आरोप
ग्रामीण हीरो देव सिंह ने मीडिया के सामने अपनी बात रखते हुए आरोप लगाया कि “सरपंच ऐनाल धृतलहरे द्वारा बिना किसी डर-भय के पंचायत की विकास निधियों में भारी गड़बड़ी की जा रही है। ग्राम पंचायत दर्राभाठा और इसके आश्रित गांवों में ऐसे कई अन्य निर्माण कार्य हैं, जिनकी स्वीकृत राशि बैंक खातों से निकाली जा चुकी है, लेकिन भौतिक रूप से कार्य आज तक शुरू ही नहीं हुआ है।”
ग्रामीणों ने इस पूरे प्रकरण में सरपंच ऐनाल धृतलहरे की भूमिका की उच्चस्तरीय जांच, आहरित राशि की निष्पक्ष रिकवरी और जिम्मेदार व्यक्तियों पर कड़ी प्रशासनिक व कानूनी कार्रवाई की मांग की है, ताकि दवनडीह के बच्चों को जल्द से जल्द सुरक्षित आंगनबाड़ी भवन मिल सके।



