धाराएं: 77, 79, 296, 351(3) बीएनएस, 66ई, 67, 67बी आईटी एक्ट, एवं 3-1(द)(घ) एससी/एसटी एक्ट
महिला का अश्लील वीडियो वायरल कर ब्लैकमेल करने वाले 3 आरोपी गिरफ्तार, भेजा गया जेल
बिलासपुर। थाना मस्तूरी एवं साइबर सेल की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्यवाही करते हुए महिला का अश्लील वीडियो वायरल कर ब्लैकमेल व जातिगत गाली-गलौज करने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

प्रार्थी मनोहर कुमार चौहान ने शिकायत दर्ज कराई कि उसके भाई कमल चौहान ने ट्रांसपोर्ट व्यवसाय के हिसाब-किताब में हेराफेरी करने पर आरोपी पीतांबर, अजय चौधरी और नरेश पटेल को काम से निकाल दिया था। इसी रंजिश में आरोपियों ने 09 जुलाई 2026 की रात शराब के नशे में कमल चौहान के पास जाकर जातिगत गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। साथ ही, आरोपियों ने प्रार्थी के रिश्तेदार महिला का अश्लील वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर उसके सम्मान को ठेस पहुंचाई।
प्रार्थी की रिपोर्ट पर अपराध दर्ज कर मस्तूरी पुलिस व साइबर सेल ने संयुक्त दबिश दी। पुलिस ने तीनों आरोपियों—अजय चौधरी (23 वर्ष), नरेश पटेल (24 वर्ष) एवं पितांबर सिंह (38 वर्ष) (सभी निवासी खपरी लिमतरा, थाना मस्तूरी) को उनके निवास से हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।
आरोपियों को 12 अगस्त 2026 को गिरफ्तार कर आज, 13 अगस्त 2026 को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।






