ब्युरो रिपोट उमा शंकर शुक्ला
अरपा नदी में डूबने से 14 वर्षीय बालक की दुखद मृत्यु; SDRF व पुलिस टीम ने चलाया संयुक्त रेस्क्यू ऑपरेशन।

सरकंडा थाना क्षेत्र के जबड़ापारा में घटित दुखद हादसा
बिलासपुर: सरकंडा थाना अंतर्गत जबड़ापारा क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहाँ 14 वर्षीय बालक सौरभ (पिता/निवासी: जबड़ापारा) की अरपा नदी में डूबने से अकाल मृत्यु हो गई।


प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक बालक सौरभ सुबह घर से खेलने के लिए निकला था। खेलने के दौरान वह अरपा नदी के समीप पहुँच गया और अनहोनी वश गहरे पानी में समा गया। स्थानीय लोगों एवं परिजनों द्वारा घटना की सूचना तत्काल सरकंडा पुलिस को दी गई।
तत्परता से चलाया गया रेस्क्यू ऑपरेशन:
सूचना प्राप्त होते ही सरकंडा पुलिस टीम बिना किसी विलंब के घटनास्थल पर पहुँची। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस द्वारा तुरंत SDRF (स्टेट डिजास्टर रिस्पांस फोर्स) की टीम को सूचित कर मौके पर बुलाया गया।
SDRF की टीम ने मोटर बोट और गोताखोरों की मदद से नदी में व्यापक सर्च ऑपरेशन शुरू किया।

नदी की गहराई और कठिन परिस्थितियों के बावजूद जवानों ने कई घंटों तक लगातार खोजबीन जारी रखी।
कड़ी मशक्कत के बाद लगभग 10 फीट गहरे पानी से बालक सौरभ के शव को सकुशल बाहर निकाला गया।
SDRF जवानों द्वारा शव को बरामद कर सरकंडा पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम (PM) हेतु भेज दिया है तथा मामले में मर्ग कायम कर आगे की कानूनी प्रक्रिया व जाँच शुरू कर दी है।
पुलिस प्रशासन इस दुखद घड़ी में पीड़ित परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता है एवं नागरिकों से अपील करता है कि वे बच्चों को नदियों व गहरे जलाशयों के पास अकेले न जाने दें।






